UP Board : ईद और रामनवमी पर रुकेगा मूल्यांकन, पीसीएस-एपीओ परीक्षा वाले केंद्रों पर दोपहर बाद होगा
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य को लेकर अहम निर्णय लिया है। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने निर्देश जारी करते हुए 21 मार्च (ईद) और 26 मार्च (रामनवमी) के दिन मूल्यांकन कार्य स्थगित करने का आदेश दिया है।
विस्तार

प्रदेश भर के 250 से अधिक मूल्यांकन केंद्रों पर 18 मार्च से शुरू हुआ मूल्यांकन कार्य एक अप्रैल तक चलेगा। हालांकि मूल्यांकन अवधि के दौरान पड़ने वाले त्योहारों पर पहले अवकाश घोषित नहीं किया गया था, लेकिन अब दोनों प्रमुख पर्वों पर कार्य स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, जिन केंद्रों पर आगामी दिनों में पीसीएस एवं सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) परीक्षाएं आयोजित होनी हैं, वहां मूल्यांकन कार्य दोपहर एक बजे के बाद ही कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार, 22 मार्च को एपीओ प्रारंभिक परीक्षा 2025 तथा 29 मार्च से चार दिनों तक पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 आयोजित की जानी है।
प्रयागराज के ईश्वर शरण इंटर कॉलेज और भारत स्काउट एवं गाइड इंटर कॉलेज में दोनों परीक्षाएं होंगी, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज, कुल भाष्कर इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज में एपीओ परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर और वाराणसी के विभिन्न इंटर कॉलेजों में भी 22 मार्च को एपीओ परीक्षा होगी। इन सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा वाले दिन मूल्यांकन कार्य दोपहर बाद ही कराया जाएगा। सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं और त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि दोनों कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराए जा सकें।