Azamgarh News: पथरी के दो ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत, उपचार के दौरान महिला की मौत; लापरवाही का लगाया आरोप
Azamgarh News: आजमगढ़ में पथरी के दो ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 28 मई को पहला और तीन जून को दूसरा ऑपरेशन हुआ था। करीब दस दिन बाद महिला को घर भेजा गया था। पति ने चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जहानागंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में पथरी के उपचार के दौरान शारदा देवी (60) की मौत हो गई। उनके पति ने ऑपरेशन में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जगदीशपुर गांव निवासी शारदा देवी को पथरी की शिकायत थी। उनके पति लालजीत ने बताया कि 28 मई को पीजीआई चक्रपानपुर में उनका ऑपरेशन कराया गया। इसके बाद भी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
चिकित्सक ने तीन जून को दोबारा ऑपरेशन किया। करीब दस दिन उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को शारदा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सिधारी स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार और दवा लेने के बाद परिजन उन्हें वापस घर ले आए। रविवार शाम घर पर ही उनकी तबीयत फिर अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए ले जाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
शारदा देवी के पति लालजीत ने आरोप लगाया कि पीजीआई चक्रपानपुर में हुए उपचार और ऑपरेशन में चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी पत्नी की मौत हुई।
उन्होंने मौत का कारण स्पष्ट कराने के लिए पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।