सगड़ी। जवाहर नवोदय विद्यालय जीयनपुर में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आठ संकुल-वाराणसी-ए, वाराणसी-बी, लखनऊ-ए, लखनऊ-बी, आगरा-ए, आगरा-बी, हरिद्वार-ए और हरिद्वार-बी की टीमों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में हिस्सा लिया। अंडर-19 वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार-ए संकुल ने लखनऊ-ए को 25-16 और 25-13 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 वर्ग में भी हरिद्वार-ए ने वाराणसी-ए को 25-19 और 25-12 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-14 वर्ग के फाइनल में वाराणसी-ए ने हरिद्वार-बी को 25-16 और 25-14 से शिकस्त देकर चैंपियनशिप जीती। दो वर्गों में शानदार प्रदर्शन के दम पर हरिद्वार-ए संकुल ने ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि प्रत्येक वर्ग के दो-दो खिलाड़ियों को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य शशिकांत राय ने ओवरऑल चैंपियन हरिद्वार-ए संकुल को ट्रॉफी प्रदान करते हुए सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा उपविजेता टीमों का उत्साहवर्धन किया। उप प्राचार्य आशीष त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से आए खिलाड़ियों, अनुरक्षकों तथा प्रशिक्षकों के अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।