Azamgarh News: पांच सक्रिय अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट, गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखेगी पुलिस
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले की पुलिस अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सक्रिय अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। पुलिस की ओर से इन अपराधियों की निगरानी की जाएगी।
विस्तार
आजमगढ़ जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच सक्रिय एवं अभ्यस्त अपराधियों को चिन्हित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। अब इन सभी अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति के बाद बुधवार को डीएम द्वारा हिस्ट्रीशीट खोलने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। इसके बाद विभिन्न थानों में इन अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार चिह्नित अपराधी गैंगस्टर एक्ट, डकैती, लूट, रंगदारी, चोरी, धोखाधड़ी एवं अवैध असलहा रखने जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहे हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे।
इन अपराधियों की खोली गई हिस्ट्रीशीट
- थाना सिधारी क्षेत्र के हरिवंश गोपाल, जिन पर डकैती, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट एवं अवैध शस्त्र रखने जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
- थाना अहरौला के राजन गौतम, जो मारपीट, चोरी, जालसाजी और अवैध असलहा रखने के मामलों में लिप्त रहे हैं।
- थाना अहरौला के ही शेरू यादव उर्फ भोलू यादव, जिन पर लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
- थाना मुबारकपुर के बृजेश उर्फ मलिक, जो चोरी और नकबजनी के मामलों में सक्रिय रहा है।
- थाना जीयनपुर के राज उर्फ सवरिया, जिन पर चेन स्नैचिंग, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ें; UP News: दूध निकालते समय गाय ने मारी लात, प्राइवेट पार्ट में चोट लगने से वृद्ध की हुई मौत; परिवार में कोहराम
एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि इन सभी अपराधियों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा इनके आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे सक्रिय एवं अभ्यस्त अपराधियों की पहचान कर अभियान चलाते हुए उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जाए और उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।