मेजवां। फूलपुर स्थित श्रीरामलीला मैदान से रविवार शाम करीब पांच बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने वर्ष प्रतिपदा उत्सव पर पथ संचलन निकाला। संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अनुशासन, समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश दिया।
पथ संचलन श्रीरामलीला मैदान से प्रारंभ होकर रोडवेज, सिनेमा रोड, शंकर तिराहा, शनिचर बाजार, पुरानी मिर्चा मंडी, पशु अस्पताल और भारतीय स्टेट बैंक मार्ग से होते हुए पुन : श्रीरामलीला मैदान पहुंचा। इस दौरान स्वयंसेवक संघ की धुन पर पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में चलते नजर आए। मुख्य वक्ता दीनानाथ ने कहा कि चैत्र नववर्ष प्रतिपदा प्रकृति में अलौकिक ऊर्जा के स्फुरण का दिन है। उन्होंने कहा कि इसी दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परम पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म हुआ था।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों को नियमित शाखा जाने और परिवार प्रबोधन का संकल्प भी दिलाया गया। संचालन जिला कार्यवाह विनोद ने किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष राम आशीष बरनवाल, विभाग प्रचारक देनेनाथ, जिला प्रचारक राजकुमार, कुलदीप, घनश्याम, जितेंद्र आदि स्वयंसेवक और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।