UP Crime: फर्जी दस्तावेज से हासिल की विदेशी नागरिकता, फिर भारत में वोटर लिस्ट में दर्ज कराया नाम; गिरफ्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में एक शख्स ने फर्जी दस्तावेज के सहारे विदेश में नागरिकता लिया। इसके बाद जिले में स्थित अपने गांव में वोटर लिस्ट में भी नाम दर्ज करा लिया।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर विदेशी नागरिकता हासिल करने और भारत में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना निजामाबाद के चौकी फरिहा प्रभारी चित्रांशु मिश्रा द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि ग्राम सुराई निवासी मोहम्मद कुद्दूस, जो वर्तमान में मलेशिया से अपने गांव आया हुआ है। उसने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपनी पहचान बदलकर मलेशिया की नागरिकता प्राप्त कर ली।
इसे भी पढ़ें; यूपी कॉलेज: सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के आरोपी मंजीत के पिता ने कहा- बेटे ने बुढ़ौती खराब कर दी
आरोप है कि उसने पासपोर्ट बनवाते समय मलेशिया का पता दर्शाया और वहीं की नागरिकता हासिल कर ली। इतना ही नहीं, उसने प्रवासी भारतीय नागरिकता (OCI) कार्ड भी प्राप्त कर लिया, जबकि नियमानुसार ओसीआई कार्ड धारक भारत में मतदान के अधिकार से वंचित होते हैं।
इसके बावजूद आरोपी का नाम ग्राम सुराई की मतदाता सूची में दर्ज पाया गया और वह विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी ले रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान उसने मतदाता सूची में अपना नाम बनाए रखने के लिए फार्म-07 भी भरा था।
मामले को गंभीर मानते हुए थाना अध्यक्ष निजामाबाद के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी हिमेंद्र सिंह ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।