Azamgarh Accident: यूपी बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, छात्र की मौत; साथी घायल
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर शुक्रवार को सड़क हादसा हुआ। यहां बाइक से यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित की परीक्षा के देने जा रहे युवक की कार की टक्कर से मौत हो गई। मृतक की पहचान सूक्खीपुर थाना अहरौला निवासी समीर (20) के रूप में हुई। वहीं उसका साथी आकिब (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत युवक मां-बाप का इकलौता संतान था।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, सूक्खीपुर थाना अहरौला निवासी समीर और आकिब रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज गनवारा माहुल में कक्षा 10 के छात्र थे। यूपी बोर्ड परीक्षा में उनका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज अंबारी में पड़ा था। शुक्रवार को हाईस्कूल के गणित की परीक्षा थी।
गणित का पेपर देने के लिए दोनों छात्र बाइक से निकले थे। बाइक खुद समीर चला रहा था। बाइक से वह जैसे ही शाहगंज-आजमगढ़ मार्ग पर इब्राहिमपुर के पास पहुंचे ही थे कि शाहगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने छात्रों की बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में उनके सिर में काफी गंभीर चोटें आई और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
सड़क पर हादसा देख लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से फूलपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां दोनों की गंभीर स्थिति देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय समीर की मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने देखते हुए उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, आकिब का इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थित गंभीर बनी हुई है। टक्कर मारने के बाद चालक कुछ दूर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस कार को कोतवाली ले आई है। पुलिस मृतक की मां नसरीन बानो ने कोतवाली में तहरीर दी है।
पिता सऊदी अरब में, आज मां जाने वाली थी उमरा करने
मृतक समीर अपने माता-पिता की इकलौता लड़का था, उसकी एक बहन है। उसके पिता नसीम रोजी-रोटी के लिए सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ग्रामीणों ने पिता को पुत्र के मौत की सूचना दे दी है। उधर, मां नसरीन बानो को शुक्रवार को उमरा करने के लिए सऊदी अरब जाना था। मां बेटे के आने का इंतजार कर रही थी कि बेटा आए तो वह उमरा करने जाए, पर घर से निकलने के चंद देर बाद पुत्र के मृत्यु की सूचना पहुंची। हादसे में बेटे की जान जाने के बाद मां ने अपनी यात्रा रद्द कर दी।
क्या बोले अधिकारी
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की मां की तहरीर के आधार पर कार के नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
-सच्चिदानंद, कोतवाली प्रभारी, फूलपुर
