UP Encounter: गहने साफ करने के बहाने ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, मुठभेड़ में बदमाश घायल; अरेस्ट
Azamgarh News: आजमगढ़ की देवगांव पुलिस ने गहने साफ करने के बहाने महिलाओं से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। मुठभेड़ में बिहार के दो बदमाश गिरफ्तार हुए, जिनमें एक घायल हो गया। उनके पास से लूटी गई सोने की चैन, कान के झाले, तमंचा और कारतूस बरामद हुए। गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को गहने साफ और चमकाने का झांसा देकर सोने के आभूषण हड़पने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान बिहार के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, कान के झाले, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि 16 जून को कंजहित गांव निवासी जयनारायण दुबे ने देवगांव कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मनोरमा दुबे को दो अज्ञात व्यक्तियों ने गहनों को साफ और नया जैसा चमकाने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उनके सोने के आभूषण लेकर धोखाधड़ी की और विरोध करने पर डराकर मौके से फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी थी। इसी क्रम में शनिवार की मध्यरात्रि गायत्री मोड़ पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तभी मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो सरूपहां क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चाहत कुमार (22) और मुन्ना शाह (45) निवासी समेली थाना कुरसेला, जनपद कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में लूटी गई एक सोने की चैन, दो सोने के कान के झाले, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में घूम-घूमकर महिलाओं को गहने साफ करने, चमकाने या पुराने गहनों को नया बनाने का झांसा देते थे। मौका मिलते ही वे आभूषण लेकर फरार हो जाते थे। विरोध करने पर असलहा दिखाकर लोगों को डराते-धमकाते थे।
सीओ भूपेश पांडेय ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में लूट, चोरी, ठगी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस उनके नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।