Accident: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई कार, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
बागपत में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मविकला गांव के पास डिवाइडर से कार टकराने से इंजीनियर समेत दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बागपत जनपद में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसा मविकला गांव के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के नांगलोई निवासी कपिल (24) और प्रयागराज कौशिक (25) मंगलवार रात कार से देहरादून घूमने के लिए निकले थे। जब उनकी कार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मविकला गांव के पास पहुंची, तभी अचानक कार डिवाइडर से टकरा गई।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट में सीलिंग: अस्पताल-स्कूल पर ताले देख छलके आंसू, व्यापारियों ने की सड़क जाम, जमकर नारेबाजी
कार के डिवाइडर से टकराते ही पीछे आ रही दूसरी कार भी नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण हादसे में इंजीनियर कपिल और प्रयागराज कौशिक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी कार में सवार पांच लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन दिल्ली के नांगलोई से बागपत पहुंच गए। इस संबंध में जांच अधिकारी अनिल यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार के डिवाइडर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।