Bahraich News: दिवाली की रात आया फोन... घर से निकला युवक, सुबह इस हाल में मिली लाश; शरीर पर चोट के निशान
बहराइच में दिवाली की रात किसी का फोन आने के बाद युवक घर से निकल गया। सुबह गन्ने के खेत में उसकी लाश पड़ी मिली। शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस सर्विलांस की मदद से मामले की जांच कर रही है। उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया।पुलिस ने उन्हें समझाकर किसी तरह शांत किया।

विस्तार
यूपी के बहराइच में दीपावली की रात घर से निकले युवक की लाश मंगलवार सुबह केले के खेत में पड़ी मिली। शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे हत्या करके शव फेंकने का अंदेशा लगाया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना रानीपुर थाना क्षेत्र के त्रिवेदीपुरवा सरवा की है। यहां के निवासी पुन्नर सिंह के पुत्र शुभम सिंह (21) के पास सोमवार की रात किसी का फोन आया। इसके बाद वह घर से निकल गया। देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की। लेकिन, कोई पता नहीं चला।
मोबाइल पर आई कॉल की जांच कराई जा रही
मंगलवार की सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर केले के खेत में शुभम का शव पड़ा मिला। खबर मिली तो घरवाले रोते बिलखते पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मोबाइल पर आई कॉल की जांच कराई जा रही है। सर्विलांस टीम की मदद से जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हुजूरपुर-बहराइच मार्ग पर शव रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन चला। सूचना पर सीओ कैसरगंज रवि खोखर और पयागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ ने ग्रामीणों को समझाकर किसी तरह शांत किया। सीओ ने बताया थानाध्यक्ष संतोष कुमार अवस्थी की अगुवाई में टीम गठित की गई है। मोबाइल पर आए कॉल की जांच कराई जा रही है।