शिवपुर। मक्कापुरवा गांव में बुधवार देर रात एक कुत्ते ने कई घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। बिजली न होने से सभी ग्रामीण अपने आंगन में सो रहे थे। कुत्ते के हमले में सात लोग जख्मी हो गए। नाराज ग्रामीणों ने कुत्ते को पीटकर मार डाला। कुत्ते के हमले में घायल एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
थाना खैरीघाट के मक्कापुरवा गांव में बुधवार देर रात लगभग ढाई बजे एक कुत्ते ने कैलाश, मोहम्मद अली, बाबादीन व राजेश के घरों में बारी-बारी से हमला कर दिया। इन घरों में ग्रामीण आंगन में सो रहे थे। अंधेरा होने के कारण ग्रामीणों को कुत्ते के हमले से बचाव करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुत्ते के हमले में शिवकुमारी (67), समसुल्लका (48), मीरा देवी (30), अंकित (8) व चंटी देवी (5) में जख्मी हो गए। रात में ही ग्रामीण सभी घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर रवाना कर दिया गया, लेकिन मीरा देवी के जख्म गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। नाराज ग्रामीणों ने कुत्ते को पीटकर मार डाला।