बलिया में दर्दनाक हादसा: खेत में गिरे तार के करंट से पिता-पुत्र की मौत, नाराज लोगों ने दो घंटे किया चक्काजाम
Ballia News: बलिया जिले में खेत में गिरे तार के करंट से पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि टकरसन विद्युत उपकेंद्र पर 23 बार फोन करने के बाद भी बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा की क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह भी मौके पर लोगों के साथ धरने पर बैठ गईं। बाद में बांसडीह एसडीएम के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। जनार्दन की बेटी सीमा यादव की तहरीर पर टकरसन विद्युत उपकेंद्र के जेई आनंद जायसवाल और लाइनमैन मुकुल उपाध्याय के खिलाफ बांसडीह रोड थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीमा ने तहरीर में आरोप लगाया है कि जेई और लाइनमैन की लापरवाही के कारण पिता-भाई की मौत हुई है।
गांव सहपुरवा के जनार्दन यादव सुबह अपने इकलौते बेटे राजेश यादव के साथ खेत पर गए थे। खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर नीचे गिरा था। राजेश जैसे ही खेत में पहुंचे तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। बेटे को तड़पता देख पिता जनार्दन यादव उसे बचाने के लिए दौड़े लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर वहीं अचेत होकर गिर गए। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के समय करंट की चपेट में आए लोगों को बचाने के लिए टकरसन विद्युत उपकेंद्र पर 23 बार फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया गया था। आरोप है कि तत्काल लाइन काटने के बजाय उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी ने वीडियो कॉल कर घटनास्थल का दृश्य दिखाने के लिए कहा, जिससे 15 मिनट से ज्यादा का समय नष्ट हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती तो दोनों की जान बचाई जा सकती थी।
क्या बोले अधिकारी
हाईटेंशन लाइन के टूटे तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बेटी सीमा यादव की तहरीर के आधार पर जेई और लाइनमैन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। -जयशंकर मिश्र, क्षेत्राधिकारी बांसडीह रोड
हादसे की विभागीय जांच एक्सईएन को सौंपी
शाहपुर गांव में करंट से बाप-बेटे की मौत की घटना की विभागीय जांच शुरू हो गई है। इसमें दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसकी जांच एक्सईएन को सौंपी गई है। पीड़ित परिजनों को शासन की तरफ से मिलने वाली सहायता जल्द प्रदान की जाएगी। -इं. प्रवीण वर्मा, अधीक्षण अभियंता
घटना की सूचना पर अधिशासी अभियंता पंकज भारती मौके पर पहुंचे, यहां पर भाजपा विधायक केतकी सिंह ने उन्हें खूब खरी खोटी सुनाईं। विधायक ने कहा कि जब तक गांव की विद्युत व्यवस्था ठीक नहीं होगी, गांव में ही रहना होगा। अधिशासी अभियंता की बांह पकड़ कर विधायक पीड़ित परिवार के घर ले गईं और पीड़ित परिवार से मिलाया। रास्ते में भी लापरवाही को लेकर बातें सुनाईं। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
निलंबित कर्मचारियों पर काम कराने का आरोप
शाहपुर निवासी ग्रामीण शिवजी यादव, धीरज यादव समेत अन्य लोगों का आरोप है कि विद्युत कर्मियों की हड़ताल के दौरान टकरसन विद्युत उपकेंद्र के कुछ लाइनमैन एवं कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। इसके बावजूद वे अनधिकृत रूप से दूसरे व्यक्तियों के नाम पर कार्य कर रहे हैं। भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि यदि जांच में यह तथ्य सामने आता है कि निलंबित कर्मचारी किसी भी रूप में कार्य कर रहे हैं, तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
शाहपुर गांव में करंट लगने से बाप-बेटे की मौत के मामले में नाराज ग्रामीण सोमवार को बलिया-बांसडीह मार्ग पर गांव के समीप दो घंटे धरने पर बैठ गए। पीड़ित परिजनों को न्याय, मुआवजा तथा दोषी विद्युत कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसी दौरान विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) आनंद जायसवाल धरनास्थल पर पहुंच गए। जेई को देखते ही ग्रामीण विरोध में नारेबाजी करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जेई को भीड़ से बचाकर निकाला। पुलिस वाहन में बैठाकर रवाना किया। धरनास्थल पर कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय और दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं होगी, उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।