जरवा। अंतरराष्ट्रीय आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर वन विभाग ने सोमवार को बर्ड वाॅचिंग फेस्टिवल का आयोजन किया। इसके तहत छात्रों को भगवानपुर व चित्तौड़गढ़ जलाशयों का भ्रमण कराया और वहां प्रवास कर रहे देसी-विदेशी पक्षियों के बारे में बताया गया। दुरबीन से सुदूर पक्षियों को देखकर छात्र रोमांचित हो उठे।
तुलसीपुर रेंजर अमरजीत प्रसाद व रामपुर रेंजर प्रभात वर्मा ने दूरबीन से पिनटेल, कॉमन टील, ब्रह्मणी डक और नीलसर जैसे विदेशी पक्षियों को छात्रों को दिखाया और उनकी पहचान बताई। इस दौरान उन्होंने छात्रों के सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासा को शांत किया। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के तुलसीपुर रेंज व रामपुर रेंज के भगवानपुर व चित्तौड़गढ़ जलाशय में कलरव कर रहे प्रवासी पक्षियों को दिखाने के लिए बसंतलाल स्मारक इंटर कॉलेज बालापुर और रनबॉय पब्लिक स्कूल भगवानपुर के छात्रों का दल गया।
वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शीतल, लक्ष्मी, नेहा, सरस्वती, जमील, प्रेम, इजहार, अखिलेश, मुजीब सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को दूरबीन से पक्षी दिखाकर पहचान कराई और उनके आहार-विहार से परिचित कराया। इस दौरान वन दरोगा अखिलेश गुप्ता, वगीशनंदन यादव, मुन्नालाल, ग्राम भगवानपुर प्रधान सलमान खान, अध्यापक राजकुमार, रईसुल हक, विंदेश्वरी सतीश, जाहिद आदि मौजूद रहे।