Bareilly News: लालफाटक फ्लाईओवर पर सीएनजी कैप्सूल लीक, मची अफरातफरी, रोका गया यातायात
बरेली के कैंट इलाके में लालफाटक फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सीएनजी कैप्सूल से भरे कैंटर में गैस रिसाव होने लगा। चालक ने तुरंत कैंटर को रोक दिया और पुलिस व कंपनी को सूचना दी। मौके पर पहुंची कंपनी की टीम ने रिसाव रोका तो यातायात सुचारू हो सका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के कैंट इलाके में लालफाटक फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा दस बजे सीएनजी कैप्सूल से भरे कैंटर में गैस रिसाव शुरू हो गया। फ्लाईओवर पर तेज आवाज के साथ गैस निकलता देख राहगीरों और वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात रोक दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 20 मिनट बाद स्थिति नियंत्रित हुई।
जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के कुंवरगांव थाने के गांव सिगोही निवासी कृपाल ने शाहजहांपुर के पिपरौला प्लांट से गाड़ी में सीएनजी लोड कराई थी। इसे लेकर वह बदायूं के हमीदी पेट्रोल पंप पर जा रहा था। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही चालक को गैस रिसाव का आभास हुआ। उसने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को किनारे खड़ा कर दिया और तुरंत पुलिस व संबंधित कंपनी को सूचना दी।
इसके बाद कैंट थाने के इंस्पेक्टर क्राइम भारत सिंह टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों को हटाया और यातायात डायवर्ट कर दिया। मौके पर पहुंची टीम ने काफी देर तक रिसाव रोकने का प्रयास किया। गैस का दबाव कम होने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। घटना के दौरान लोग दहशत में फ्लाईओवर से दूर भागते नजर आए। राहत की बात रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
आवागमन बंद होने से धूप में राहगीर बेहाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गैस रिसाव के चलते कुछ देर तक फ्लाईओवर पर सन्नाटा जैसा माहौल बन गया। पुलिसकर्मी लगातार लोगों को वाहन बंद रखने और दूरी बनाए रखने की सलाह देते रहे। लाल फाटक क्षेत्र यातायात दबाव वाला इलाका माना जाता है। फ्लाईओवर और आसपास के मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति रहती है, हालांकि फ्लाईओवर बनने के बाद काफी राहत मिली है। आवागमन बंद होने से लोग गर्मी से बेहाल दिखे।
पिछले दिनों भी लीक हुआ था कैप्सूल
इससे पहले कैंट क्षेत्र में अक्षर विहार पार्क के पास भी सीएनजी कैप्सूल से गैस रिसाव की घटना हो चुकी है। उस समय भी पुलिस और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले थे।