Bareilly News: 90 संवेदनशील गांवों में मलेरिया और डेंगू पर होगा वार, स्वास्थ्य विभाग ने गठित की 2857 टीमें
बरेली में बरसात का मौसम शुरू होते ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए कमर कस ली है। जिले के संवेदनशील गांवों में सघन अभियान चलाने की तैयारी है। इसके लिए 2857 टीमें बनाई गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में जुलाई के पहले ही दिन झमाझम बारिश से खुशगवार हुए मौसम के साथ मच्छर और जलजनित रोगों की आशंका भी बढ़ी है। इन रोगों पर अंकुश के लिए बुधवार से संचारी रोग नियंत्रण मुहिम शुरू की गई। पांच ब्लॉकों के 90 संवेदनशील गांवों में सघन अभियान चलाने की तैयारी है। 11 जुलाई से दस्तक विशेष अभियान शुरू होगा। जिले में 2,857 टीमें बनाई गई हैं।
बुधवार को बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बिथरी चैनपुर सीएचसी पर अभियान का शुभारंभ किया। भमोरा सीएचसी पर जनजागरूकता रैली, प्रचार वाहन, फॉगिंग मशीनों को रवाना किया गया। पिछली बार जिला पंचायतीराज विभाग ने तमाम संवेदनशील गांवों में महज खानापूर्ति की थी। इसकी पोल खुलने के बाद अभियान चलाकर गांवों को चमकाया।
स्थलीय निरीक्षण करेंगे नोडल अधिकारी
इस बार मुहिम के दौरान हुई गतिविधि की पड़ताल के लिए जिला और ब्लॉक स्तरीय टीमों के साथ 62 नोडल अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। ये लोग गांवों का साप्ताहिक भ्रमण कर स्थलीय रिपोर्ट डीएम को देंगे। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक भमोरा, रामनगर, मझगवां, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी मलेरिया के लिहाज से संवेदनशील हैं। जिले में अब तक 171 मलेरिया और पांच डेंगू के मरीज मिले हैं। सवा सौ मरीज इन्हीं पांच ब्लॉकों से हैं।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि सहयोगी विभागों के समन्वित प्रयासों से गतिविधियों के प्रभाव से संचारी रोग पर नियंत्रण होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत टीमों को निर्देशित कर दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगंज पश्चिमी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संचित शर्मा ने स्वास्थ्य कर्मियों को संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
नालियों की तलीझाड़ सफाई से लेकर घर-घर तक दस्तक
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन के मुताबिक, नगर विकास और पंचायतीराज विभाग नगरीय गांवों में लार्वारोधी दवा का छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई कराएंगे। स्वास्थ्य और आईसीडीएस विभाग की टीमें घर-घर दस्तक देकर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बताएंगी। शिक्षा, कृषि, पशुपालन, खाद्य सुरक्षा विभाग लोगों को जागरूक करेंगे।