Weather Update: बरेली में मानसून की दस्तक से खुशनुमा हुआ मौसम, अब तीन दिन सताएगी उमस
बरेली में मानसून की पहली बारिश के बाद मौसम खुशगवार हो गया है। बृहस्पतिवार को बादलों की आवाजाही जारी रही, लेकिन अब उमस बढ़ने लगी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में मानसून की पहली बारिश ने बेतहाशा गर्मी झेल रहे शहरवासियों को खासी राहत पहुंचाई पर अगले तीन दिन उमस बेहाल कर सकती है। उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने से बारिश के आसार नहीं हैं। इस दौरान बादल मंडराएंगे पर धूप तपिश का अहसास कराएगी। कुछ स्थानों पर रिमझिम के भी आसार हैं।
रुहेलखंड में मानसून ने सोमवार को दस्तक दी और 48 घंटे में 34 मिमी बारिश हुई। मंगलवार की सुबह के बाद दोपहर करीब एक बजे हल्की बारिश हुई, लेकिन चटक धूप से तापमान में एक डिग्री बढ़त दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, हवा में नमी की अधिकता से उमस का माहौल नहीं बना। ढलती शाम के साथ हवा सामान्य रही। न्यूनतम पारा 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर सौ फीसदी दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, 48 घंटे तक लगातार बारिश के बाद अब जिले के कई स्थानों पर उच्च वायुदाब का क्षेत्र बन रहा है। जिन इलाकों में अनुकूल यानी निम्न वायुदाब का माहौल बनेगा, वहां बादल छाएंगे और रिमझिम के आसार हैं।
सामान्य दिनों से आधी रही ओपीडी
बुधवार सुबह से बादल छाए रहने, बूंदाबांदी होने के चलते जिला अस्पताल और महिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की कतार सामान्य दिनों के सापेक्ष कम रही। डायरिया, उल्टी, दस्त की चपेट में रहे बच्चे और त्वचा, जोडों के दर्द, दांत में तकलीफ, मनोरोग, फिजियोथेरेपी व अन्य जांच के लिए लोग पहुंचे थे। एडी एसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित के मुताबिक, दूर-दराज से इलाज को मरीज पहुंचते हैं। ओपीडी में रोजाना करीब एक हजार पर्चे बनते हैं, लेकिन बुधवार को 560 पर्चे ही बने।