Bareilly News: विधायक पल्लवी पटेल ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- जानबूझकर टाले जा रहे पंचायत चुनाव
अपना दल (कमेरावादी) की वरिष्ठ नेता एवं विधायक पल्लवी पटेल ने शनिवार को मीरगंज में पार्टी के मंडलीय सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश पर जमकर निशाना साधा।
विस्तार
बरेली के मीरगंज में अपना दल (कमेरावादी) की वरिष्ठ नेता एवं विधायक पल्लवी पटेल ने केंद्र और प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों के हित में नहीं हैं। इन वर्गों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। पल्लवी पटेल ने शनिवार को यहां पार्टी के मंडलीय सम्मेलन को संबोधित किया।
पल्लवी पटेल ने यूजीसी के नियमों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है। ऐसे फैसलों का सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ रहा है और इससे समाज में असमानता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। विधायक ने कहा कि सरकार की मौजूदा नीतियों के कारण समाज में दूरी बढ़ती जा रही है, जो चिंता का विषय है। सरकार को सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहिए, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है।
'जानबूझकर टाला जा रहा पंचायत चुनाव'
उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर भी सरकार को घेरा। कहा कि चुनाव में हो रही देरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और मंत्रियों के बीच तालमेल की कमी के कारण प्रशासनिक व्यवस्था सही ढंग से काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पंचायत चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं, जो राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है।
यह भी पढ़ें- UP News: बरेली में 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, दोस्तों पर आरोप, पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
पल्लवी पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी आने वाले चुनाव में यूजीसी बिल, जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और जनता के बीच इन्हें मजबूती से रखेगी। इस दौरान कार्यक्रम में पार्टी के जिला अध्यक्ष सुभाष पटेल, रामपुर जिलाध्यक्ष अमरपाल एडवोकेट, महानगर अध्यक्ष पंडित नितिन गौर, महानगर महासचिव हर्षित पटेल, पीलीभीत जिला अध्यक्ष प्रेम सागर पटेल, मंडल अध्यक्ष आनंद मोहन पटेल आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.