UP News: बरेली में फिर चला बुलडोजर, मजार के समीप कई अवैध दुकानें ध्वस्त, कार्रवाई से मची खलबली
बरेली में सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में रोड़ा बन रहे अवैध निर्माणों पर नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार दोपहर निगम की टीम ने कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के सामने बनीं अवैध दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से मौके पर खलबली मच गई।
विस्तार
बरेली में नगर निगम ने अतिक्रमण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की टीम ने मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के सामने अवैध दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इन दुकानों पर नगर निगम की ओर से लाल निशान लगाए थे, लेकिन दुकानदारों ने लाल निशान मिटा दिए थे। दो बुलडोजरों से अवैध दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई, जिससे मौके पर खलबली मच गई।
50 से 55 अतिक्रमण किए गए चिन्हित
सीएम ग्रिड योजना (मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) के दूसरे चरण के तहत 50 से 55 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इसके तहत कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग और धर्मकांटे से कोहाड़ापीर तक अभियान चलाया जाना है। मंगलवार को कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के सामने मजार के समीप स्थित अवैध दुकानों के ध्वस्तीकरण से कार्रवाई की शुरुआत की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें- UP: अनैतिक संबंधों के मकड़जाल में उलझी अपहरण की कहानी, वारदात से पहले इस धार्मिक स्थल पर गए थे बदमाश; 5 की मौत
नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी के मुताबिक नगर निगम को सूचना मिली थी कि कई भवन मालिकों ने अपने प्रतिष्ठानों से लाल निशान हटा दिए हैं। निगम ने इस पर संज्ञान लेते हुए साफ कर दिया है कि ऐसे लोगों को किसी भी हाल में राहत नहीं दी जाएगी। सबसे पहले इन्हीं के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। निगम में अभियान से पहले पुलिस व प्रशासन का सहयोग मांगा है, जिससे कार्रवाई के दौरान बाधा न आए।
एक्सईएन ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध कब्जों को हटाकर सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने या सरकारी निशान से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।