LPG Crisis: बरेली में पांच किलो के गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित, कई एजेंसियों पर स्टॉक नहीं
एलपीजी की किल्लत के बीच पांच किलो वाले छोटे गैस सिलिंडरों की मांग बढ़ी है, लेकिन बरेली में ज्यादातर गैस एजेंसियों पर पांच किलो वाले सिलिंडर का स्टॉक ही नहीं है। जिससे किराये के कमरों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों और प्रवासी मजदूर परेशान हो रहे हैं।
विस्तार
बरेली में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की किल्लत के बीच किराये के कमरों, निजी छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों और प्रवासी मजदूरों के लिए पांच किलो के छोटे सिलिंडर की व्यवस्था भी परेशानी का सबब बन रही है। ज्यादातर गैस एजेंसियों पर इन सिलिंडरों का स्टॉक शून्य है। सोमवार को अमर उजाला की टीम ने एजेंसियों पर छोटे सिलिंडरों की उपलब्धता का जायजा लिया तो हकीकत पता चली।
नैनीताल रोड स्थित गोयल गैस एजेंसी के संचालक एसके गोयल के मुताबिक, पांच किलो के सिलिंडर की आपूर्ति काफी समय से नहीं हुई। पहले इनकी मांग नहीं थी, इसलिए इसे मंगाया ही नहीं। अब लोग लेने के लिए संपर्क कर रहे हैं, पर उपलब्धता ही नहीं है। पेट्रोलियम कंपनी से पूछताछ की गई तो उन्होंने इसपर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बताया कि नया स्टॉक आने पर ही सिलिंडर मुहैया कराए जा सकेंगे।
सेनानी गैस सर्विस के संचालक सूबेदार मेजर एससी गुप्ता ने भी छोटे सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की बात कही। हालांकि, गोदाम पर एक-दो सिलिंडर होने की संभावना जताई। बताया कि घरेलू सिलिंडर के सापेक्ष ज्यादा महंगे होने की वजह से इसकी मांग बेहद कम होती है।
छह सौ छोटे सिलिंडर उपलब्ध, कंपनी से जल्द आएगा स्टॉक
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के मुताबिक पांच किलो के छोटे सिलिंडरों की मांग में कमी से गैस एजेंसियों पर स्टॉक कम है। कंपनियों की ओर से जल्द छोटे सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध कराया जाएगा। अनुमानित करीब छह सौ सिलिंडर अलग-अलग एजेंसियों पर उपलब्ध हैं। अगर किसी को जरूरत है तो वह आधार कार्ड और धरोहर राशि लेकर एजेंसी पर जाएं। सिलिंडर मिल जाएंगे।
शकुंतला गैस एजेंसी को नोटिस
बुकिंग के कई दिन बाद उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिलने की शिकायत पर सोमवार को पूर्ति विभाग की टीम ने एजेंसियों का निरीक्षण किया। गणेश नगर स्थित शकुंतला गैस एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को तय स्थान पर बुलाने पर नोटिस थमाया गया है।
जिले की कई गैस एजेंसियां बुकिंग के सप्ताहभर बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर मुहैया नहीं करा रही हैं। अमर उजाला ने सोमवार के अंक में प्रकरण प्रमुखता से प्रकाशित किया तो जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने टीम के साथ गैस एजेंसियों पर बैकलॉग (पेंडेसी) संबंधी जांच की। राज गैस एजेंसी पर तीन दिन का बैकलॉग मिला। संचालक ने उपभोक्ताओं को एक से दो दिन में सिलिंडरों की आपूर्ति करने की बात कही।
जिला पूर्ति अधिकारी ने तिथिवार बुकिंग के मुताबिक होम डिलीवरी के निर्देश दिए। कोताही मिलने पर कार्रवाई की हिदायत दी। प्रेमनगर स्थित सनी इंडियन गैस एजेंसी पर एक ही दिन का बैकलॉग मिला। संचालक ने देर शाम तक उसे पूरा करने की बात कही। बैकलॉग की अपडेट रिपोर्ट से अवगत कराने और सिलिंडरों की नियमानुसार आपूर्ति के निर्देश दिए।
सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता, कहीं किल्लत नहीं
पूर्ति अधिकारी के मुताबिक, जिले में बीपीसीएल, एचपी और भारत पेट्रोलियम की 91 गैस एजेसियां संचालित हैं। सभी पर घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। अगर कहीं किसी को सिलिंडर आपूर्ति, केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट आदि कराने में समस्या आ रही है तो वह हेल्पलाइन नंबर 9456667774 पर कॉल कर या कार्यालय आकर संपर्क कर सकते हैं। समस्या का समाधान कराया जाएगा।
वितरण में अनियमितता समेत कई दिन का बैकलॉग भी
शकुंतला इंडियन गैस एजेंसी के निरीक्षण में उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के बजाय एक स्थान पर बुलाकर गैस देने का पता चला। सिलिंडरों की डिलीवरी का बैकलॉग भी अधिक रहा। इस पर गैस एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिन एजेंसियों पर बैकलॉग 48 घंटे से अधिक है, सभी से जवाब तलब किया जा रहा है।