बरेली में मेंथा व्यापारी लापता: सुसाइड नोट में लिखा- ऐसे चक्रव्यूह में फंस गया हूं, जिससे निकलना मुश्किल
बरेली में मेंथा व्यापारी गौतम कुमार सैनी लापता हो गए हैं। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कुछ भी पता नहीं लगा। गौतम के बेटे ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। उनके ऑफिस में एक सुसाइड नोट मिला है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
बरेली में सट्टेबाजी और कर्ज के दलदल में फंसा प्रेमनगर थाना क्षेत्र की साईं धाम कॉलोनी सैदपुर हॉकिंस निवासी मेंथा व्यापारी गौतम कुमार सैनी शुक्रवार दोपहर लापता हो गया। व्यापारी के ऑफिस की मेज पर सुसाइड नोट मिला है। इसमें कर्ज और सट्टेबाजी में फंसे होने की वजह से गंगा में कूदकर जान देने की बात लिखी है। व्यापारी के बेटे ने चार लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रणव सैनी ने प्रेमनगर इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को बताया कि उनके पिता शुक्रवार को दोपहर लापता हो गए। सूचना मिलने पर वह नोएडा से आए। पिता का ऑफिस खुलवाया तो वहां मेज पर सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा है कि उनके ऊपर काफी कर्ज है। इससे वह दबाव में हैं। व्यापार में काफी नुकसान हो चुका है। अपनी सारी संपत्ति बेचकर भी वह कर्ज नहीं उतार सकते। कुछ लोग उनसे एमसीएक्स पर मेंथा का सट्टा लगवाते हैं। इससे उनको हर माह 40-50 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। कुछ लोगों से उन्होंने ब्याज पर रुपये भी ले रखे हैं। हर महीने हजारों रुपये में ब्याज में ही देना पड़ रहा है।
उन्होंने लिखा है कि वह ऐसे चक्रव्यूह में फंस गए हैं, जिससे निकलना मुश्किल है। एक दिन में उन पर तीन-चार लाख रुपये का कर्ज चढ़ जाता है। टांडा के शकील सरताज, धौरा के अफसार और गिरधरपुर के उमेर व जफर का उन पर हर महीने 18-20 लाख रुपया बन जाता है। कर्ज चुकाने के लिए वह कुछ संपत्ति बेंच भी चुके हैं। सुसाइड नोट में लिखा है कि उनके सामने अब कोई रास्ता नहीं है। वह गंगा में कूदकर जान देने जा रहे हैं। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर व्यापारी की तलाश की जा रही है।
कॉल डिटेल निकलवाकर सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
प्रणव ने अपने पिता की कॉल डिटेल निकलवाकर सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पिता के मोबाइल पर रोजाना 150-200 कॉल आती थीं। उन्होंने सुसाइड नोट में लिखा है कि इस कारण उनको रातभर नींद नहीं आती थी। यह भी लिखा है कि मेंथा सट्टा को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। अब वह इस स्थिति में नहीं हैं कि व्यापार कर सकें या फिर कर्ज चुका सकें।
रामगंगा के आसपास की गई तलाश, अन्य थानों को भी सूचना
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने रामगंगा के आसपास गौतम सैनी की तलाश की। गंगा और रामगंगा के तटवर्ती थानों को भी गौतम की तस्वीर भेजकर सूचित कर दिया गया है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर ने बताया कि मामले की जांच और व्यापारी की तलाश की जा रही है। पूछताछ के लिए आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।