Weather: बरेली में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, सैकड़ों पेड़ गिरे... यूनिपोल भी धराशायी; बिजली आपूर्ति ठप
बरेली में बुधवार रात करीब एक घंटे तक तेज आंधी चली, जिससे जिलेभर में सैकड़ों पेड़ गिर गए। यूनिपोल भी धराशायी हो गए। सेटेलाइट पर एक ऑटो पर पेड़ गिर गया, जिससे उसमें सवार युवक का सिर फट गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में दिनभर भीषण गर्मी और धूप की तपिश झेल रहे शहरवासियों के लिए बुधवार की रात राहत की सौगात लेकर आई। बंगाल की आर्द्र पुरवा और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से रात 10 बजे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। हवा की गति 90 किमी प्रतिघंटा रही। आंधी से जिलेभर में सैकड़ों पेड़ गिर गए। बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अलग-अलग हुई घटनाओं में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की आर्द्र पुरवा और मध्य क्षोभमंडल की ठंडी व शुष्क पछुआ हवा की प्रतिक्रिया की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 13 जून तक तेज हवा चलने और अनुकूल माहौल बनने पर आगे भी बारिश की संभावना है।
पारा में पांच से सात डिग्री की प्रभावी कमी आने पर गर्मी से राहत मिल सकती है। 14 जून से आसमान साफ होगा और तापमान में चार से पांच डिग्री तक बढ़त होगी। बुधवार को अधिकतम पारा सामान्य से दो डिग्री अधिक 40.3 डिग्री और न्यूनतम एक डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रुहेलखंड क्षेत्र में शनिवार तक तेज हवा संग बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में कमी आएगी।
आम को नुकसान, धान के लिए वरदान
आंधी-बारिश से आम की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। पकने के लिए तैयार आम टूटकर गिर पड़े। इससे किसानों की मुनाफे की उम्मीद को झटका लगा है। दूसरी ओर, धान रोपने के लिए तैयार किए जा रहे खेत में बारिश का पानी भरने से सिंचाई से निजात मिली। प्रगतिशील किसान बारिश को धान के लिए बेहतर मान रहे हैं।
सभी उपकेंद्र ठप, शहर में ब्लैकआउट
आंधी-बारिश के के दौरान शहर के सभी 27 उपकेंद्रों को एहतियातन बंद रखा गया। इससे पूरे शहर में अंधेरा छा गया। इस दौरान सिविल लाइंस प्रथम, द्वितीय, तृतीय, सदर कैंट, कुतुबखाना, मिशन कंपाउंड, रामपुर बाग, सुभाषनगर प्रथम, द्वितीय, मढ़ीनाथ, लोहिया विहार, किला, सीबीगंज, परसाखेड़ा, इज्जतनगर, शाहदाना, डेलापीर, कोहाड़ापीर, डीडीपुरम, राजेंद्रनगर, हरूनगला, महानगर, पवन विहार, सन सिटी, दुर्गानगर, जगतपुर, सरायतल्फी उपकेंद्र बंद रहे।
देर रात 11.30 बजे तक तक बिजली की चमक को देखते हुए उपकेंद्र चालू नहीं किए गए। जोगी नवादा में 11 केवी लाइन पर पेड़ गिर गया। गांधी उद्यान से सेटेलाइट मार्ग पर तार पर पेड़ की डाल गिर गई। किला क्षेत्र के मिर्चिया टोला नीम की चढ़ाई मोहल्ले में 11 केवी की लाइन पर पीपल का पेड़ गिर गया। 33 केवी उपकेंद्र के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि आंधी व बादल गरजने की वजह से 11:30 बजे तक उपकेंद्रों को बंद रखा गया। उसके बाद धीरे-धीरे सभी को चालू किया गया।
यूनिपोल भी गिरे
पीलीभीत बाइपास, बदायूं रोड, नैनीताल हाईवे सहित शहर में कुछ अन्य स्थानों पर आंधी की वजह से यूनिपोल गिर गए। कुछ स्थानों पर ये तिरछे हो गए। कई अन्य विज्ञापन पट भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। मलूकपुर इलाके में छत पर लगा सोलर पैनल भी उड़ गया।