गैस की कालाबाजारी पर शिकंजा: बरेली में पूर्ति निरीक्षक ने दुकान पर मारा छापा, 22 सिलिंडर जब्त
एलपीजी संकट के बीच जिला प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए अभियान चला रखा है। इसी क्रम में शीशगढ़ के गांव जाफरपुर में पूर्ति निरीक्षक ने शनिवार को एक दुकान पर छापा मारा। यहां से 22 गैस सिलिंडर बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। रिपोर्ट दर्ज कर दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
बरेली के शीशगढ़ में पूर्ति निरीक्षक ने शनिवार देर शाम गांव जाफरपुर निवासी इस्लाम की दुकान पर छापा मारकर 22 गैस सिलिंडर जब्त कर लिए। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज करके इस्लाम को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस्लाम ने लोगों की पासबुक जमा करा रखी है। वह उनके कनेक्शन पर सिलिंडर लेकर उसे महंगे दाम पर बेचता है।
पूर्ति निरीक्षक रवि कुमार सक्सेना ने बताया कि कालाबाजारी की सूचना पर पुलिस टीम के साथ इस्लाम की दुकान पर छापा मारा। वहां मिले 22 सिलिंडर जब्त किए गए। इनमें तीन भरे और 19 खाली हैं। इस्लाम के पास सिलिंडरों का भंडारण करने के लिए कोई लाइसेंस भी नहीं मिला है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
पूछताछ में इस्लाम ने बताया कि घर के बाहर उसकी दुकान है। वह ग्रामीणों की किताब लेकर उनके गैस सिलिंडर जमा कर लेता है। रीफिल सिलिंडरों को दुकान में रखता है। इस्लाम ने बताया कि उसके और बीबी के नाम से दो कनेक्शन हैं। घर में चार सिलिंडर इस्तेमाल होते हैं।
गैस एजेंसी पर स्टॉक रजिस्टर अधूरा, संचालक को नोटिस
पीलीभीत बाइपास स्थित लता इंडेन गैस एजेंसी पर स्टॉक रजिस्टर अधूरा मिलने पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। शनिवार को एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह ने इंडेन गैस एजेंसी, श्यामगंज स्थित मलका इंडेन गैस सर्विस, हार्टमन रोड स्थित रुहेलखंड इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। गोदाम पर गैस सिलिंडर के स्टॉक का ऑनलाइन स्टॉक स्टेटस से सत्यापन किया तो लता इंडेन गैस के गोदाम पर स्टॉक जिला पूर्ति अधिकारी के साथ लता रजिस्टर अधूरा मिला। संचालक को नोटिस जारी किया। यहां आपूर्ति लिपिक आशीष कुमार व अन्य मौजूद रहे।
गैस सिलिंडर के लिए कतार खड़े लोगों से डीएम ने लिया फीडबैक
गैस सिलिंडर के लिए एजेंसी पर लग रही कतार और आपूर्ति का हाल जानने शनिवार को डीएम अविनाश सिंह ने एजेंसियों का निरीक्षण किया। सुरेश शर्मा नगर चौराहा स्थित प्रभु कृपा गैस एजेंसी पर खड़े लोगों से गैस वितरण की जानकारी ली। सभी ने स्थिति संतोषजनक बताई।
इसके बाद फिर इस्लामिया कॉलेज के पास एचपी गैस एजेंसी पहुंचे। गोदाम देखा और सिलिंडर आपूर्ति के लिए खड़े वाहनों की जांच की। मौजूद लोगों को डीएम ने बताया कि सिलिंडर आपूर्ति के लिए एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, बीडीओ, थाना प्रभारी से जांच कराई जा रही है। उन्होंने एजेंसी आने के बजाय ऑनलाइन, एप या मिस्ड कॉल से बुकिंग का सुझाव दिया। घटतौली, ज्यादा कीमत लेने की शिकायत पर कार्रवाई की बात कही।