UP News: बरेली मंडल में 21 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का है लक्ष्य, अब तक लग पाए सिर्फ तीन लाख
बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जिले में 21 लाख नौ हजार 861 स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। डेढ़ साल से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन अब तक महज तीन लाख 34 हजार 945 स्मार्ट मीटर ही लग पाए हैं।
विस्तार
बरेली मंडल के चार जिलों में बिजली चोरी रोकने के लिए स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद रफ्तार नहीं पकड़ पा रही। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में 21 लाख नौ हजार 861 स्मार्ट मीटर लगने हैं। डेढ़ साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी महज तीन लाख 34 हजार 945 स्मार्ट मीटर ही लग पाए हैं। काम पूरा करने में छह माह का समय ही शेष रह गया है, ऐसे में अब कार्यदायी संस्था इंटेली स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ जुर्माने की संस्तुति की गई है।
बरेली मंडल में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए इंटेली स्मार्ट को नवंबर 2023 में काम दिया गया था। अगस्त 2024 से काम शुरू हुआ, जिसे अगस्त 2026 तक पूरा करना है। इसके तहत बरेली जोन प्रथम में 8.91 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाना है, लेकिन दो लाख 16 हजार 255 स्मार्ट मीटर ही लग पाए।
बरेली जोन द्वितीय में 12 लाख 18 हजार 861 घरों के सापेक्ष दो लाख 38 हजार 750 घरों में ही स्मार्ट मीटर लग पाए। इसी क्रम में बदायूं में चार लाख 78 हजार 378 घरों में से 48 हजार 454, पीलीभीत में तीन लाख 11 हजार 999 घरों में से एक लाख 22 हजार 235, शाहजहांपुर में चार लाख 28 हजार 484 घरों में से 68 हजार 61 स्मार्ट मीटर ही लगाए गए हैं।
उपभोक्ता भी नहीं ले रहे रुचि
विद्युत वितरण खंड प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि काम की धीमी प्रगति पर इंटेली स्मार्ट कंपनी पर प्रोजेक्ट की लागत के 10 फीसदी पेनाल्टी की संस्तुति शासन को की गई है। कई जगह उपभोक्ता भी स्मार्ट मीटर लगवाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। वहीं, विद्युत वितरण खंड द्वितीय के मुख्य अभियंता राघवेंद्र कुमार ने बताया कि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा गया है।
खनगवां श्याम में बिना मीटर के आ रहे बिजली बिल
विकास भवन सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों ने अपनी समस्याओं के संबंध में उप कृषि निदेशक हिमांशु पांडेय को बताया और उनके निस्तारण की मांग की। भारतीय किसान यूनियन (शंकर) के प्रताप सिंह ने कहा कि आंवला क्षेत्र की ग्राम पंचायत रहटुईया में सड़क बन रही है। इस मार्ग पर अवैध कब्जे होने से निर्माण अधूरा है। राजस्व विभाग के कर्मियों से इसकी पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटवाया जाए।
किसान एमपी सिंह ने बिजली विभाग का मुद्दा उठाया। अधिकारियों को बताया कि गांव खनगवां श्याम में बिना मीटर के 600 रुपये के हिसाब से बिल आने लगे हैं। यह बिल अदा करने का बिजली विभाग के कर्मी दबाव भी बना रहे हैं। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी भी थीं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसानों ने जो भी समस्याएं बताई हैं, निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को उनके प्रार्थना पत्र भेजे गए हैं।
जिन उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों पर स्मार्ट मीटर लगे हैं, उनके बिजली बिल भी समय पर नहीं पहुंच रहे। ऐसे में बिल जमा न होने पर ऑटोमेटिक उनकी बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। हरूनगला, किला, कुतुबखाना, जगतपुर और सुभाषनगर उपकेंद्र के इलाकों से बिलों में देरी की सबसे ज्यादा शिकायत आ रही हैं। स्मार्ट मीटर के बिल मेसेज के जरिये ऑनलाइन भेजने की व्यवस्था है, लेकिन अक्सर तकनीकी खराबी के कारण समय से मेसेज पहुंचता ही नहीं।
रामपुर गार्डन और डीडीपुरम उपकेंद्र से आज चार घंटे होगी बिजली कटौती
अनुरक्षण माह के तहत विद्युत निगम बृहस्पतिवार को रामपुर गार्डन और डीडीपुरम उपकेंद्रों से पोषित फीडरों और ट्रांसफार्मरों पर मरम्मत संबंधी कार्य कराएगा। इस दौरान दोनों उपकेंद्रों से सुबह 10 से अपराह्न दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान पुराना रोडवेज, अग्रसेन पार्क, रामपुर गार्डन और संजयनगर, मॉडल टाउन, कृतिनगर, ब्रह्मपुरी इलाके प्रभावित होंगे। बुधवार को भी सीबीगंज और महानगर उपकेंद्र के फीडरों पर काम के दौरान कई इलाकों चार घंटे तक बिजली कटौती की गई।