Bareilly News: तेज हवा और बारिश से गिरी गेहूं की फसल, किसान चिंतित, भारी नुकसान का जताया अंदेशा
बरेली में रविवार को मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश हुई। मीरगंज क्षेत्र में तेज हवा और बारिश से गेहूं की फसल गिर गई। किसानों ने भारी नुकसान होने का अनुमान जताया है।
विस्तार
बरेली में रविवार को मौसम ने करवट ली। तेज हवा और बारिश से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली तो किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन दोपहर में मौसम का मिजाज बदल गया और धूलभरी हवा चलने लगी। दोपहर करीब एक बजे काले बादल छाए और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवा और बारिश से लोग तरबतर हुए। कई जगह ट्रांसफर फुंक गए तो कहीं बिजली का फाल्ट और ट्रिपिंग हो गई। बारिश और तेज हवा में कहीं कोई हादसा न हो इसलिए राहगीर सुरक्षित स्थानों की तरफ बढ़े।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। अगले 24 से 48 घंटों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी और मौसम सुहावना बना रहेगा।
तेज हवा और बारिश से गिरी गेहूं की फसल
मीरगंज तहसील क्षेत्र में तेज हवा के साथ हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जगह जगह गिर गई, जिससे तीस से चालीस प्रतिशत तक पैदावार कम होने की आशंका जताते हुए किसान चिंतित दिखे।
किसान फहीम अंसारी ने बताया कि गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी है, लेकिन तेज हवा और बारिश से काफी फसल गिर गई है। किसान रामेंद्र चौहान का कहना है कि अगर मौसम ऐसा ही रहा तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। संतोष शर्मा ने बताया कि अचानक बदले मौसम ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है और अब फसल को संभालना मुश्किल हो रहा है।
दुनका क्षेत्र में भी गेहूं की फसलें खेतों में गिर गई है। किसान सतीश चंद्र गंगवार, शिशुपाल सिंह, दुर्जन लाल, मुनीपाल, रामस्वरूप, किशनलाल आदि ने बताया कि फसल गिरने से गेहूं का दाना सूख जाएगा। गेहूं का दाना पतला होने से तीस से चालीस प्रतिशत पैदावार कम होने की आशंका है। वहीं मसूर, लाही और लहटा, मटर आदि की भी फसलें तैयार हैं। इन फसलों को भी नुकसान हो सकता है।