दर्दनाक: बिजनौर के मसूरी गांव में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
बिजनौर के मसूरी गांव में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
विस्तार
बिजनौर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मसूरी गांव में एक बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम मसूरी निवासी जीराज सिंह(75) और उनकी पत्नी रामरती देवी(72) गांव के बाहर बने अपने मकान में रहते थे। मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस को दंपती की मौत की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपती के दो पुत्र हैं, जो गांव में ही अलग स्थान पर रहते हैं।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर सफर होगा महंगा, 31 मार्च की आधी रात से बढ़ेगा टोल, जानें कितना देना होगा टैक्स
मौत को लेकर चर्चाएं, जांच जारी
घटना के बाद गांव में दंपति की मौत को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल इसे इत्तेफाकन हुई घटना मानकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार, दंपति के घर के पास एक ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण दंपति घबराकर भागे हों और इस दौरान गिरने से उनकी मौत हो गई हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस के अनुसार, जीराज सिंह के सिर पर चोट का निशान मिला है, जो गिरने से लगी चोट जैसा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।