बिजनौर। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्यों का चुनाव करने के लिए शुक्रवार को बिजनौर में बनाए गए तीन केंद्रों पर मतदान हुआ। मतदान को लेकर वकीलों में गजब का उत्साह नजर आया। अधिवक्ताओं ने लाइन में लगकर वोट डाले। बिजनौर जजी परिसर के केंद्र पर 885 अधिवक्ताओं ने वोट डाले।
शुक्रवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बार काउंसिल का चुनाव हुआ। सीओ सिटी संग्राम सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी अफजलगढ़ रामप्रताप समेत कई निरीक्षक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए तैनात रहे। जजी परिसर में घुसते ही माहौल पूरी तरह से चुनावी रंग में रंगा नजर आया। बार काउंसिल के सदस्य पद के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवारों के पोस्टर जगह जगह चस्पा दिखाई दिए।
बिजनौर जजी परिसर में बनाए गए केंद्र पर सुबह दस बजे से ही वोटिंग होने लगी जोकि शाम पांच बजे तक जारी रही। मतदान करने के लिए वकीलों की लंबी लाइन लगी रही। उधर समर्थक भी अपने अपने पक्ष के उम्मीदवार के समर्थन में वोट करने की अपील करते नजर आए।
बता दें कि बिजनौर जजी में बनाए गए मतदान केंद्र पर बिजनौर एवं धामपुर तहसील के अधिवक्ताओं ने मतदान किया। इसके अलावा नगीना तहसील के अधिवक्ताओं नगीना मुंसिफी में बनाए गए मतदान केंद्र में मतदान किया। चांदपुर में भी मतदान केंद्र पर वकीलों ने वोट डाले। दो दिनों तक चलने वाली इस चुनावी प्रक्रिया के तहत आज शनिवार को भी जिले के तीनों केंद्रों पर मतदान होगा। बिजनौर के मतदान केंद्र पर 2249 वकीलों को मतदान करना है, जिनमें पहले दिन 885 अधिवक्तओं ने मतदान किया।र