Budaun News: हाईवे पर डंपर ने एंबुलेंस को मारी टक्कर, मरीज की मौत, दो महिलाओं समेत पांच घायल
बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर डंपर ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी, जिससे एंबुलेंस में सवार मरीज की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए। ये सभी लोग मरीज को लेकर बरेली जा रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर शनिवार को सड़क हादसा हुआ। मरीज लेकर बदायूं से बरेली जा रही एंबुलेंस निर्माण कार्य में लगे डंपर से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस में मरीज शारदा देवी की मौत हो गई। वहीं दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से निकालकर बरेली के हायर सेंटर भेजा। इसके बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र के खेड़ा बुजुर्ग निवासी शारदा देवी (60 वर्ष) बदायूं मेडिकल कॉलेज से बरेली रेफर किया गया था। एंबुलेंस जब बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव घटपुरी के पास पहुंची, तभी रूट डायवर्जन के बावजूद एक डंपर कांवड़ मार्ग पर आ गया और एंबुलेंस से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्ट्रेचर पर लेटी शारदा देवी एंबुलेंस से बाहर सड़क पर जा गिरीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये लोग हुए घायल
हादसे में शारदा देवी के पुत्र दुर्गेश, दामाद प्रवेश कुमार निवासी कुंवरगांव, बेटी पूनम, सुनीता निवासी खेड़ा बुजुर्ग तथा एंबुलेंस चालक सम्राट नगर निवासी रोहित कुमार घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए बरेली के हायर सेंटर भेज दिया।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लगा जाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहगीरों ने घटना की सूचना थाना बिनावर के सीयूजी नंबर पर देने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में अन्य माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार के अनुसार दुर्घटना में घायल सभी पांच लोगों को उपचार के लिए बरेली हायर सेंटर भेज दिया। डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
रूट डायवर्जन के बावजूद हाईवे पर कैसे पहुंचा डंपर
स्थानीय लोगों ने हादसा होने के बाद सवाल उठाया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान रूट डायवर्जन लागू है, बावजूद इसके डंपर हाईवे पर कैसे पहुंच गया, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। इसमें पुलिस की लापरवाही सामने आई है।
सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। डंपर सहित चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।