Budaun News: सहकारी समिति पर डीएपी के लिए किसानों में मारामारी, बुलानी पड़ी पुलिस, तब संभली स्थिति
बदायूं जिले में खाद के लिए किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। जरीफनगर सहकारी समिति पर खाद के लिए किसानों में मारामारी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। यहां सैकड़ों किसान खाद लेने पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही किसानों को खाद मिल पाई।
विस्तार
बदायूं में रबी की फसल की बुवाई के चलते किसानों में डीएपी की भारी मांग बनी हुई है। जरीफनगर सहकारी समिति पर सोमवार को डीएपी खाद को लेकर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। किसा
सुबह से ही सैकड़ों किसान डीएपी खाद लेने के लिए लाइन में लग गए थे, लेकिन समिति सचिव की लापरवाही और धीमी वितरण व्यवस्था के कारण किसानों में आक्रोश फैल गया। दिनभर लाइन में खड़े रहने के बावजूद अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिल सकी।
स्थिति तब बिगड़ने लगी जब कुछ किसानों ने वितरण में अनियमितता और मनमानी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए हालात को काबू में किया।
किसानों ने की ये मांग
किसानों का कहना था कि वे सुबह से भूखे-प्यासे लाइन में लगे रहे, लेकिन घंटों मशक्कत के बाद भी कुछ किसानों को ही डीएपी मिल पाई। किसानों ने मांग की है कि समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए और वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि उन्हें बार-बार परेशान न होना पड़े। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डीएपी की आपूर्ति नहीं सुधारी गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
