औरंगाबाद। थाना क्षेत्र में कानून और यातायात नियमों को ताक पर रखकर स्टंटबाजी करने का एक मामला सामने आया है। गांव रजवाना में दूल्हे की गाड़ी समेत बारातियों के सड़क पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों और छतों पर निकलकर अपनी जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं।
रजवाना गांव से एक युवक की बारात गई थी। देर शाम जब बारात दुल्हन को विदा कराकर वापस लौट रही थी, तो दूल्हे की गाड़ी की छत गायब थी। दूल्हा खुली गाड़ी में बैठा था, जबकि उसके पीछे चल रहे गाड़ियों के काफिले में सवार युवक खिड़कियों से बाहर निकलकर शोर-शराबा और स्टंटबाजी कर रहे थे। बीच सड़क पर हुई इस हुड़दंगबाजी से अन्य राहगीरों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई है। हालांकि, शुरुआत में पुलिस ने ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया था, लेकिन अब मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि वायरल वीडियो फिलहाल उनके संज्ञान में सीधे तौर पर नहीं था, लेकिन अब वीडियो के आधार पर गाड़ियों के नंबरों को चिह्नित किया जा रहा है। पहचान होते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई और चालान की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।