सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Deoria News ›   The crisis on cooking gas deepened...queues were seen everywhere

Deoria News: रसोई गैस पर गहराया संकट...हर जगह दिखी कतार

Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Wed, 11 Mar 2026 01:07 AM IST
विज्ञापन
The crisis on cooking gas deepened...queues were seen everywhere
विज्ञापन
देवरिया। रसोई गैस की लंबी कतार भूल चुके लोगों को गुजरा दिन फिर याद आ रहा है। सुबह छह बजे ही बाइक व स्कूटी पर सिलिंडर लादे लोग गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर लाइन में खड़े हो जा रहे हैं। गैस वितरकों व एजेंसी संचालकों से पुराने संबंधों को लोग ताजा कर रहे हैं। जिनके घर में शादी है, सबसे अधिक परेशानी भी उन्हीं के घर है। भरा हुआ गैस सिलिंडर कहां मिलेगा, इसकी तलाश में लोग दिन भर भटक रहे हैं। जिनके पास भरा हुआ सिलिंडर है, वे भी उसे छिपाकर नया सिलिंडर पाने का जुगाड़ खोज रहे हैं।
Trending Videos

देवरिया शहर में रसोई गैस की सात एजेंसियां हैं। पिछले सप्ताह तक स्थिति यह थी कि दिन में कई बार वेंडर बाइक और डिलीवरी वाहन से मोहल्लों में घूम घूमकर सिलिंडर की आपूर्ति कर रहे थे, लेकिन पिछले तीन दिनों से सबकुछ बदल गया है। सुबह गोदाम से ही सिलिंडर खत्म हो जा रहे हैं। जिनकी बुकिंग है, वे गाड़ी आने का इंतजार करने के बजाय स्वयं ही पासबुक समेत गोदाम पर पहुंच जा रहे हैं। मंगलवार की सुबह भी हर जगह गैस उपभोक्ताओं की लाइन लगी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

--
उपभोक्ता बोले
तीन दिन से सुबह आ रहा हूं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। दूसरा सिलिंडर भी खत्म होने के कगार पर है। बुधवार तक इंतजाम नहीं हुआ तो दूसरा विकल्प खोजना पड़ेगा।
- हीरा, उपभोक्ता
--
गैस गोदाम पर इतनी लंबी कतार ने एक दशक पुराना जमाना याद करा दिया। गैस सिलिंडरों को लेकर संकट खत्म हो गया था तो घर से स्टोव, चूल्हा आदि भी खत्म हो गए। अब फिर वही स्थिति आई है।
ईश्वर, उपभोक्ता
---

ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति विकराल...हर जगह दिखी लंबी कतार

भाटपार रानी। गैस एजेंसी के गोदाम पर मंगलवार को सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी थी। कतार में खड़े होकर घंटों इंतजार के बाद गैस सिलिंडर मिला, लेकिन जो देर से आए, उन्हें निराशा हाथ लगी। नगर के बेलपार चौराहे पर स्थित एजेंसी के कार्यालय से गोदाम तीन किलोमीटर दूर छोटका गांव में नेशनल हाईवे के किनारे स्थित है। लोगों को जैसे ही रसोई गैस की गाड़ी गोदाम पर आने की खबर मिली तो खाली सिलिंडरों को लेकर गोदाम पर पहुंच गए। देखते-देखते लंबी कतार लग गई। कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पर ओटीपी के साथ 983 रुपये में बुकिंग शुरू कर दिया। एजेंसी संचालक धनेश ने बताया कि हमारे यहां लगभग 15640 की आपूर्ति है और लगभग इतनी ही खपत भी है। सिलिंडर लेकर पहुंचे विकास कुमार ने बताया कि सुबह 8:00 बजे से कतार में खड़े हैं। होम डिलीवरी नहीं होने से उन्हें यहां आना पड़ा है। सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि रसोई गैस की किल्लत के कारण दिक्कत बढ़ रही है। भरा सिलिंडर मिलना बड़ी उपलब्धि हो गई है।
-----
बघौचघाट की इंडेन गैस एजेंसी पर आधी से कम मिल रही आपूर्ति


संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। स्थानीय गैस वितरण केंद्र पर 1300 लोगों ने रसोई गैस की बुकिंग कराई है। मंगलवार को सिर्फ 300 सिलिंडर आए। इस एजेंसी पर महीने में 22 ट्रक सिलिंडर आता है जबकि अभी आपूर्ति आधी कर दी गई है। एक दिन में 1300 लोग सिलिंडर बुक कर रहे हैं। पथरदेवा में भी यही हालत है। डिमांड एक हजार सिलिंडरों की है और आपूर्ति केवल 300 की।
---

रसोई गैस को लेकर हाहाकार, एजेंसियों पर लगी लंबी लाइन


रुद्रपुर। स्थानीय कस्बे में करीब 32 हजार उपभोक्ताओं के लिए एक माह में 100 गाड़ी रसोई गैस की आपूर्ति हो रही थी। एक गाड़ी में लगभग 350 सिलिंडर होते हैं। सुनीता गैस एजेंसी पर एक दिन में 1000 सिलिंडर की खपत रहती है। इधर, मार्च महीने में कोटा घटाकर 80 गाड़ी कर दिया गया है। उसमें भी 10 दिन में सिर्फ पांच गाड़ी के आपूर्ति ही हो पाई है। एजेंसी संचालक सुनीता सिंह ने बताया कि सिलिंडर की आपूर्ति कम होने से वितरण पर प्रभाव पड़ रहा है। ऑनलाइन सिलिंडर बुक करने के बाद भी तमाम उपभोक्ताओं को डिलीवरी नहीं हो पाई। उपभोक्ता गैस के लिए गैस एजेंसी और गोदाम का चक्कर काट रहे हैं। रुद्रपुर निवासी ओपी शुक्ला ने बताया कि उन्होंने चार मार्च को ऑनलाइन सिलिंडर बुक कराया था। जिसकी डिलीवरी आज तक नहीं हो पाई और पोर्टल पर गैस की डिलीवरी दिखा रहा है। बरईपार निवासी राजू ने कहा कि सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। बुक करने के लिए एजेंसी पर घंटों लाइन लगाकर खड़ा होने के बाद भी गैस नहीं मिल रहा है। सराव बुजुर्ग गांव निवासी सुरेश यादव ने कहा कि घर में शादी होने के कारण रसोई की जरूरत है। लेकिन ना तो घरेलू गैस मिल रहा है और ना ही व्यावसायिक सिलेंडर। नगर के पूर्व सभासद मन्नान अहमद ने कहा कि ईद का त्योहार आ गया। घरेलू गैस की किल्लत से लोग चिंतित हैं। रमजान और ईद में सिलिंडर का संकट त्योहार को फीका कर दिया है।
---
एक सप्ताह में आए हैं केवल तीन हजार सिलिंडर


संवाद न्यूज एजेंसी


बरहज। पिछले एक सप्ताह से गाड़ियों के आवक में कमी आई है। इससे रसोई गैस के लिए लोग इधर-उधर भटक रहे हैं। मंगलवार को गैस एजेंसियों को 40 प्रतिशत की कटौती करते हुए सिलिंडर मुहैया कराई गई। यहां की तीन एजेंसी पर प्रतिदिन करीब 900 सिलिंडर की खपत है। बीते आठ दिन में 7200 की जगह महज 3000 सिलिंडर ही मिले हैं। मंगलवार को बरहज में दो और मदनपुर में एक गाड़ी रसोई गैस सिलिंडर उपलब्ध हो सका है। वहीं भलुअनी, कपरवार आदि जगहों पर लोग सुबह से ही लाइन में खड़े थे। सिलिंडर कम आने के कारण अधिकांश लोगों को लौटना पड़ा। एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि आपूर्ति कम आने से दिक्कत आने की बात सामने आ रही है। फिलहाल नजर रखा जा रहा है। जिससे लोगों को असुविधा न हो।
--
भारत गैस एजेंसी पर उमड़ी भीड़
बरियारपुर। पथरदेवा क्षेत्र के रामपुर अवस्थी गांव स्थित भारत गैस एजेंसी पर मंगलवार को गैस सिलिंडर वितरण की सूचना मिलते ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंच गए और लंबी कतारें लग गईं। लगभग 300 गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं के बीच वितरित किए गए। जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी या आवश्यक कागजात पूरे नहीं थे, उन्हें सिलिंडर नहीं मिल सका। ऐसे उपभोक्ताओं को पहले दस्तावेज पूरे कराने की सलाह दी गई। भीड़ अधिक होने के कारण एजेंसी कर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने में भी मशक्कत करनी पड़ी। एजेंसी के व्यवस्थापक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि बुकिंग के अनुसार सिलिंडरों का वितरण कराया गया।
--

देसही देवरिया-महुआडीह में भी उपभोक्ता परेशान

देसही देवरिया। क्षेत्र में मंगलवार को भी गैस सिलिंडर के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। कतार में खड़े तमाम उपभोक्ताओं को लौटना पड़ा। हेतिमपुर नगर पंचायत स्थित गैस एजेंसी पर मंगलवार की भोर में ही उपभोक्ता अपना सिलिंडर लेकर कतार में खड़े हो गए थी। कतार लंबी थी, दोपहर में गैस बंटना शुरू हुआ। लेकिन ज्यादातर लोगों को खाली सिलिंडर के साथ ही लौटना पड़ा। भटनी दादन एजेंसी पर गैस सिलिंडर नहीं बंटा। यहां से भी लोगों को निराश लौटना पड़ा। यही हाल पिपरा मदन गोपाल एजेंसी पर भी रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed