राठ (हमीरपुर)। नगर के चरखारी रोड पर मंगलवार को निर्माणाधीन भवन की छत गिरने से ठेकेदार की दबकर मौत हो गई। फायर सर्विस टीम ने करीब एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन से मलबे में दबे शव को बाहर निकाला।
अतरौलिया मोहल्ला निवासी जयसिंह ने बताया कि उनका बेटा अरविंद कुमार (38) भवन निर्माण का ठेका लेकर परिवार का भरण-पोषण करता था। चरखारी रोड पर औंता गांव निवासी अरुण गुप्ता का मकान बन रहा है। मंगलवार को भवन की छत डाली जा रही थी। इसी दौरान छत में कुछ हिस्सा ढीला होने पर अरविंद नीचे से देखने पहुंचा तभी पूरी छत भरभराकर गिर पड़ी और वह मलबे में दब गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी फायर सर्विस कमलेश कुमार, फायरमैन शशांक द्विवेदी, सन्नी कम्बोज तथा आपदा मित्र मुबीन अहमद मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अरविंद को मलबे से बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी ले गए जहां डॉ. मजीद ने मृत घोषित कर दिया।
अरविंद की मौत पर मां श्याम देवी, पत्नी कौशल्या, बहन सोनिया, बेटे मनीष, गौरव व कृष का रो रोकर बेहाल हैं। परिवार के पास करीब एक बीघा जमीन है। कोतवाल राकेश कुमार ने कहा कि छत पर अधिक दबाव पड़ने से एक हिस्सा टूटकर गिरने से ठेकेदार की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।