हरदोई। मेला श्रीराम लीला कमेटी की ओर से नुमाइश मैदान पर चल रहे वार्षिक दंगल का समापन हुआ। अंतिम दिन दंगल में पहलवानों के बीच 21 कुश्तियां लड़ी गईं। इनमें पहलवानों ने अपने दांवपेच दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के मुख्य मुकाबलों में सोनीपत के विवेक और मेरठ के राजा पहलवान विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। दंगल समाप्त होने के बाद पहलवानों को पुरस्कृत किया गया।
रामलीला मंच पर बनाए गए अखाड़े में उतरे पहलवानों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुख्य आयोजक राम प्रकाश शुक्ला ने दंगल की शुरुआत कराई। पहले दंगल में चरौली के शानू ने अपने प्रतिद्वंद्वी जोगीपुर के लवकुश को चित कर जीत दर्ज की। जालौन के राजेश ने सुरसा के अमरजीत को पछाड़ा। जोगीपुर के लवकुश ने यहीं के कश्मीर को हराया। चरौली के कौशन ने जोगीपुर के सोमित को पटकनी दी। कलान के सीतेश ने जालौन के राजेश को हराया। इटावा के मुकेश ने गोरखपुर के जावेद को, उन्नाव के राधे को औरैया के अजय को धूल चटाई।
बिल्लौह के तुलसी ने कासगंज के राजेश को हराया। हरिद्वार के स्टील बॉडी ने दातागंज के भूरे को मात दी। कलान के चंद्रसेन ने हरियाणा के शाहिद को, उन्नाव के विपिन ने बांदा के नीरज को, औरैया के अजय ने गोरखपुर के जावेद को, कलान के चंद्रसेन ने मेरठ के राजा को दंगल में पछाड़ा। उत्तराखंड के भूकंप ने हरियाणा के शाहिद को, हरिद्वार के स्टील बॉडी ने उत्तराखंड के विक्रम को और बरेली के भानू ने अयोध्या के बाबा लक्ष्मण दास को पटकनी देकर दंगल में जीत हासिल की जबकि सोनीपत के विवेक बनाम मेरठ के राजा और उत्तराखंड के गुल्ला और अयोध्या के बाबा लक्ष्मणदास के बीच दंगल बराबरी पर रहा। संचालन जीतेश दीक्षित ने किया।

फोटो- 30- दंगल में कुश्ती लड़ते सोनीपत के पहलवान विवेक व मेरठ के राजा। संवाद