Hathras: सफाई व्यवस्था बदहाल, डेढ़ साल से नहीं उठा ठेका, तीन बार निरस्त किए गए टेंडर, चौथी बार निकाला गया
पहला टेंडर 5 अगस्त 2024 को निकाला था। 6.90 करोड़ रुपये के इस टेंडर को आठ महीने के लिए निकाला गया था। इसके निरस्त होने पर दूसरा टेंडर 07 मई 2025 को 9.85 करोड़ में 11 महीने चार दिन के लिए निकाला गया। यह टेंडर भी निरस्त हो गया। तीसरा टेंडर 4 अक्टूबर 2025 को 5.07 करोड में छह महीने के लिए निकला गया था। इसे भी निरस्त कर दिया गया।
विस्तार
डेढ़ साल से हाथरस नगर पालिका परिषद हाथरस सफाई का ठेका नहीं उठा पा रही है। तीन बार टेंडर निरस्त हो चुके हैं और अब चौथी बार टेंडर निकाला गया है। टेंडर न होने से शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है। समय से झाड़ू नहीं लग रही और न ही कूड़ा उठ रहा है। टेंडर के जरिये आउट सोर्सिंग से 615 कर्मियों की तैनाती की जानी है, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो सके।
शहर में सफाई व्यवस्था के बदहाल होने का बड़ा कारण यह है कि अभी तक सफाई का ठेका ही नहीं उठ सका है। गिने चुने नगर पालिका के सफाई कर्मी ही सफाई कर रहे हैं। नगर पालिका ने जेम पोर्टल पर पहला टेंडर 5 अगस्त 2024 को निकाला था। 6.90 करोड़ रुपये के इस टेंडर को आठ महीने के लिए निकाला गया था। इसके निरस्त होने पर दूसरा टेंडर 07 मई 2025 को 9.85 करोड़ में 11 महीने चार दिन के लिए निकाला गया। यह टेंडर भी निरस्त हो गया। तीसरा टेंडर 4 अक्टूबर 2025 को 5.07 करोड में छह महीने के लिए निकला गया था। इसे भी निरस्त कर दिया गया। अब 12 नवंबर को 3.58 करोड़ में चार महीने एक दिन के लिए नया टेंडर निकाला गया है। इसकी अंतिम तिथि 24 नवंबर है।
बार-बार टेंडर निरस्त किए जाने पर आगरा की फर्म जय माता दी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर अमल गुप्ता ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। आइजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत की है। जिसमें डेढ़ साल से निरस्त हो रहे टेंडरों की जांच करने की मांग की गई है। आरोप है कि जमानत राशि के तौर पर उन्होंने 25.355 लाख रुपये पालिका के खाते में आरटीजीएस किए थे। जमानत राशि रिलीज किए जाने के ऑर्डर जारी होने के बाद भी उनका भुगतान रोक दिया गया।
तीनों बार वाजिब वजह के साथ टेंडर निरस्त किए गए हैं। पहली बार कमेटी ने निरस्त किए थे। दूसरी बार फर्मों के कागज पूरे नहीं थे तथा तीसरी बार केवल दो फर्में आई थीं। जमानत राशि रिलीज करने में समय लगता है। ठेकेदार द्वारा लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। जल्द ही ठेका उठाकर सफाई व्यवस्था शुरू कराई जाएगी।-रोहित सिंह, ईओ नगर पालिका हाथरस।