Hathras News: बीता होली का त्योहार, कारोबार की थम गई रफ्तार, पूरी तरह से नहीं खुले कई बाजार
हाथरस के सादाबाद गेट, घंटाघर, गुड़हाई बाजार, बागला मार्ग प्रमुख बाजारों में कई दुकानें आंशिक रूप से ही खुली दिखाई दीं। होली के दौरान लगातार व्यस्त रहने के कारण व्यापारी वर्ग भी दो-तीन दिन विश्राम करता है।
विस्तार
होली का त्योहार निकलने के बाद हाथरस शहर के बाजारों में कारोबार की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। होली के दो दिन बाद भी कई बाजार पूरी तरह से नहीं खुल पाए हैं, जिससे व्यापारिक गतिविधियां अभी सामान्य नहीं हो सकी हैं। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार के बाद ग्राहकों की आवाजाही कम हो जाती है और धीरे-धीरे बाजार अपनी रफ्तार पकड़ता है।
शहर के सादाबाद गेट, घंटाघर, गुड़हाई बाजार, बागला मार्ग प्रमुख बाजारों में कई दुकानें आंशिक रूप से ही खुली दिखाई दीं। कुछ दुकानदारों ने बताया कि होली के दौरान लगातार व्यस्त रहने के कारण व्यापारी वर्ग भी दो-तीन दिन विश्राम करता है। इस कारण बाजारों में सन्नाटा दिखाई देता है।
हालांकि आने वाले दिनों में सहालग के मुहूर्त और रमजान के महीने को देखते हुए व्यापारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेडीमेड गारमेंट्स, फुटवियर, कॉस्मेटिक्स और कपड़ों की दुकानों पर नया स्टॉक आने लगा है। दुकानदारों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी और बाजारों में फिर से रौनक लौट आएगी। व्यापारियों का कहना है कि शादी-विवाह के सीजन के साथ-साथ रमजान के चलते भी बाजारों में अच्छी खरीदारी होने की संभावना है। इस कारण कई दुकानदारों ने नई डिजाइन के कपड़े, जूते-चप्पल और सौंदर्य प्रसाधन के सामान का स्टॉक मंगाना शुरू कर दिया है।
फिलहाल बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम है, लेकिन सप्ताह के अंत तक बाजारों में फिर से रौनक दिखाई देने लगेगी।-प्रदीप गुप्ता, दुकानदार
अभी त्योहार निकलकर गया है, इसलिए बाजार में रौनक हल्की है। संभवतया सोमवार से बाजार पूरी रफ्तार से दौड़ेगा।-अजय जैन, दुकानदार
