कोलकाता की महिला की हाथरस में हत्या: साथ रहने की जिद पर किया था मर्डर, आगरा निवासी व्यक्ति से थे संबंध, पकड़ा
इमरान की ससुराल कोलकाता में है। उसी ने महिला की बेटी की शादी अपने पड़ोस के व्यक्ति से 20 साल पहले कराई थी। इसके कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच अनैतिक संबंध हो गए। 10 नवंबर को महिला कोलकाता से आगरा धेवते की शादी में आई थी। यहां वह इमरान से मिली और उसी के साथ रहने की जिद करने लगी।
विस्तार
दस दिन पहले अलीगढ़-आगरा हाईवे पर मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अनैतिक संबंध के चलते महिला की हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में आगरा निवासी इमरान को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पांच जिलों में एक हजार से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले के बाद पुलिस को यह सफलता मिली।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि 14 नवंबर की सुबह चंदपा के गांव नगला भुस के निकट अलीगढ़-आगरा हाईवे के किनारे एक महिला का शव मिला था। इस प्रकरण में दस टीमें लगाई गईं थीं, जो विभिन्न जनपदों में छानबीन कर रही थीं। नगला भुस पर लगे सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ कि एक व्यक्ति महिला को सोहराब गेट डिपो मेरठ की बस से लेकर उतरा है। इस बस के जरिये पुलिस ने यात्रियों की छानबीन शुरू की।
देखा कि इस बस से कितनी सवारियां कहां-कहां से चढ़ी हैं। इसके आधार पर मेरठ, हापुड़, बुलदंशहर, खुर्जा, अलीगढ़ के गभाना, सारसौल के कैमरे खंगाले गए। छानबीन में अलीगढ़ के सारसौल बस स्टैंड के कैमरों में वही शख्स दिखा, जो महिला के साथ ताजगंज डिपो की बस से उतरता हुआ दिखाई दिया था। पुलिस आगरा पहुंची और फिर सीसीटीवी कैमरों की मदद से ही नगला मेवाती, आगरा पहुंच गई।
एसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान इमरान निवासी नगला मेवाती ताजगंज, आगरा के रूप में हुई। पुलिस ने इमरान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। महिला की शिनाख्त कोलकाता के वर्धमान निवासी 58 वर्षीय महिला के रूप में हुई, जिससे इमरान के कई वर्षों से अनैतिक संबंध थे।
पीछा छुड़ाने के लिए गला दबाकर कर दी थी हत्या
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि इमरान की ससुराल कोलकाता में है। उसी ने महिला की बेटी की शादी अपने पड़ोस के व्यक्ति से 20 साल पहले कराई थी। इसके कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच अनैतिक संबंध हो गए। 10 नवंबर को महिला कोलकाता से आगरा धेवते की शादी में आई थी। यहां वह इमरान से मिली और उसी के साथ रहने की जिद करने लगी। एसपी ने बताया कि महिला विधवा हो चुकी थी तथा परिवार में कोई और नहीं था।
इधर, परिवार व समाज के डर से इमरान उसे टालता रहा। 13 नवंबर की सुबह वह महिला को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से कोलकाता की ट्रेन में बैठाने के लिए निकला। सुबह दस बजे वे अलीगढ़ पहुंचे, लेकिन उसने उसे ट्रेन में नहीं बैठाया। वह उसे दिनभर घुमाता रहा तथा बहाना बनाकर शाम को वापस आगरा के लिए चल दिए। रास्ते में चंदपा हाथरस पर उतरा और झाड़ियों में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इमरान को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इधर एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है।