Hathras: अब 75 फेरों के लिए चलेगी टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस, कासगंज-मथुरा पैसेंजर की भी बढ़ाई अवधि
कासगंज से मथुरा के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को गंगापुर सिटी तक अस्थायी रूप से विस्तारित किए जाने की अवधि को भी बढ़ा दिया है। अब यह ट्रेन तीन अप्रैल तक के लिए गंगापुर सिटी तक विस्तारित की गई है।
विस्तार
टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस के पूर्वाेत्तर रेलवे द्वारा बार-बार फेरे बढ़ाए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक इसे नियमित रूप से संचालित नहीं किया जा सका है। एक बार फिर रेलवे ने इस ट्रेन के 75 फेरों के संचालन की मंजूरी दी है।
यात्रियों का कहना है कि पिछले तीन साल से इस ट्रेन को स्पेशल ट्रेन के रूप में ही चलाया जा रहा है, जिससे इसकी समय सारिणी और संचालन पर अनिश्चितता बनी रहती है, जबकि इस ट्रेन का विस्तार मथुरा कैंट से अछनेरा तक किए जाने के बाद यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है और इसकी उपयोगिता भी साबित हो चुकी है।
इसके बावजूद इसे नियमित ट्रेन घोषित न किया जाना यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल पांच दिन ही संचालित हो रही है, जबकि स्थानीय लोग और दैनिक यात्री लंबे समय से इसे सातों दिन नियमित रूप से चलाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह ट्रेन हाथरस, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी का माध्यम है, जिससे बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं।
इसके अलावा यात्रियों ने ट्रेन में आरक्षण की सुविधा बढ़ाने की भी मांग की है। फिलहाल इस ट्रेन में केवल वातानुकूलित कुर्सीयान में ही आरक्षण की सुविधा उपलब्ध है, जबकि अन्य कोच अनारक्षित हैं। इस कारण लंबी दूरी के यात्रियों और बुजुर्गों को यात्रा में असुविधा होती है।
यात्रियों का कहना है कि सामान्य श्रेणी के कोचों में भी आरक्षण की सुविधा शुरू की जानी चाहिए, ताकि यात्रा अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित हो सके। पूर्वाेत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा का कहना है कि रेलवे बोर्ड की ओर से इस तरह के निर्णय लिए जाते हैं।
कासगंज-मथुरा पैसेंजर की अवधि भी बढ़ाई
पूर्वोत्तर रेलवे ने कासगंज से मथुरा के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को गंगापुर सिटी तक अस्थायी रूप से विस्तारित किए जाने की अवधि को भी बढ़ा दिया है। अब यह ट्रेन तीन अप्रैल तक के लिए गंगापुर सिटी तक विस्तारित की गई है।