Unnao: पुलिस से हाथ छुड़ाकर भागा आरोपी चोर, कटीले तारों में फंसकर घायल; नाबालिगों से खरीदता था चोरी का सामान
Unnao News: बारासगवर थाना क्षेत्र में चोरी के माल के साथ गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास करते हुए खेत में लगे कटीले तारों में फंसकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में तीन बाल अपचारियों को भी बाल सुधार गृह भेजा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उन्नाव जिले के बीघापुर/बारासगवर थाना क्षेत्र में चोरी के माल के साथ पकड़े गए एक शातिर आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। हालांकि, भागते समय खेत में लगे कटीले तारों में फंसकर वह बुरी तरह घायल हो गया।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत दबोच लिया और प्राथमिक उपचार कराने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नाबालिगों से चोरी का माल खरीदता था।
पंपिंग सेट चोरी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, बारासगवर थाना क्षेत्र के मनीखेड़ा निवासी आशीष कुमार लंबे समय से चोरी का माल खरीदने और बेचने के अवैध कारोबार में लिप्त था। करीब 01 सप्ताह पहले जगतखेड़ा निवासी सचिन के बंद घर से पंपिंग सेट और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया था।
पीड़ित की शिकायत और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आशीष को चोरी के पंपिंग सेट के साथ गिरफ्तार किया था। इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हाथ छुड़ाकर भागने लगा, लेकिन पीछा किए जाने पर खेत की बाड़ में लगे लोहे के कटीले तारों में उलझकर घायल हो गया।
तीन नाबालिगों से खरीदता था चोरी का सामान
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उपचार कराया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी आशीष ने खुलासा किया कि वह क्षेत्र के 03 नाबालिग लड़कों से चोरी का सामान कौड़ियों के भाव खरीदता था।
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों बाल अपचारियों को हिरासत में ले लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी आशीष को जेल भेज दिया गया है।