Kanpur: CSA के छात्रों को 19 साल बाद बड़ी राहत, अब रेलवे टिकट पर मिलेगी 50 फीसदी की छूट
Kanpur News: चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को करीब 19 साल बाद रेलवे किराए में 50 प्रतिशत तक की छूट की सुविधा फिर से मिल गई है। प्रयागराज मंडल की ओर से यह व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे विश्वविद्यालय के तीन हजार से अधिक विद्यार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बेहद राहत भरी खबर है। करीब 19 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को रेलवे किराए में 50 प्रतिशत तक की भारी छूट मिलेगी।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर से इस सुविधा को लागू कर दिया गया है, जिस पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी अपनी आधिकारिक मुहर लगा दी है। कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से संस्थान के हजारों विद्यार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
19 साल पहले बंद हुई थी सुविधा, विशेष कूपन से मिलेगा लाभ
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे किराए में छूट की यह व्यवस्था विश्वविद्यालय के छात्रों को पहले भी मिलती थी, लेकिन करीब 19 वर्ष पूर्व किन्हीं कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब नए सिरे से इसे पुन: बहाल किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विशेष कूपन जारी किए जाएंगे। इन कूपनों के माध्यम से छात्र घर आने-जाने, शैक्षणिक भ्रमण और शोध कार्यों से जुड़ी यात्राओं के दौरान ट्रेन टिकट पर 50 फीसदी छूट का लाभ उठा सकेंगे।
03 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा आर्थिक फायदा
विश्वविद्यालय परिसर में देश के विभिन्न राज्यों से 03 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में लंबी दूरी तय करने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर सेमेस्टर ब्रेक के दौरान घर जाने वाले छात्रों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ अब काफी हद तक कम हो जाएगा। छात्रों ने इस फैसले का सहर्ष स्वागत करते हुए इसे बेहद राहतभरा कदम बताया है और कहा है कि इससे उनकी यात्रा न केवल किफायती होगी, बल्कि आसान भी हो जाएगी।
विवि में यूपी के अलावा बिहार, राजस्थान, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उड़ीसा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, तमिलनाडु और मेघालय, पश्चिम बंगाल और असम, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक से छात्र अध्ययनरत हैं।