फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hamirpur News ›   Rumors of treasure add to the trouble: Midnight activities underway in 'Chhoti Kashi'

खजाने की अफवाह ने बढ़ाई मुसीबत: 'छोटी काशी' में चल रहा अंधेरे का खेल, सोने के लालच में उजाड़ रहे 108 शिव मंदिर

Tue, 28 Jul 2026 07:30 PM IST
Shikha Pandey अमित शुक्ल, हमीरपुर
अमित शुक्ल, हमीरपुर Published by: Shikha Pandey Updated Tue, 28 Jul 2026 07:30 PM IST
सार

ऐतिहासिक मंदिर और खंडहर कई किलोमीटर क्षेत्र में बेतवा किनारे फैले हैं। पुलिस की निगरानी न होने से सोने के लालच में चाेरी-छिपे खोदाई की जाती है।

विज्ञापन
Rumors of treasure add to the trouble: Midnight activities underway in 'Chhoti Kashi'
बेतवा तट पर स्थित शिव मंदिर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बेतवा तट पर स्थित छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध जलालपुर के ऐतिहासिक मंदिरों और खंडहरों को दफीना की तलाश में उजाड़ा जा रहा है। ग्रामीण रात के अंधेरे में चोरी-छिपे पीली धातु की तलाश में खोदाई करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में सदियों पुरानी यह विरासत और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकती है। हालांकि तहसील प्रशासन पुलिस से नियमित निगरानी की बात कह रहा है।

विज्ञापन


बेतवा नदी के शांत तट पर बसा जलालपुर कभी बुंदेलखंड की व्यापारिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र रहा है। बेतवा किनारे कई किलोमीटर क्षेत्र में फैले शिव मंदिरों और नदी मार्ग से होने वाले व्यापार ने क्षेत्र को विशिष्ट पहचान दिलाई। धार्मिक महत्व के कारण जलालपुर को छोटी काशी कहा जाने लगा। हालांकि समय के साथ नदी मार्ग से व्यापार समाप्त हो गया लेकिन मंदिरों और इनके खंडहरों में दफीना की लोक कथाएं आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इन्हीं मान्यताओं के चलते वर्षों से मंदिरों, पुराने महलों और ऐतिहासिक खंडहरों में चोरी-छिपे खोदाई होती है।

विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी ने बेतवा तट स्थित मंदिरों, पक्का घाट, जंगल में स्थित प्राचीन महलों और आसपास के ऐतिहासिक स्थलों की पड़ताल की। कई स्थानों पर उखड़ा हुआ फर्श, क्षतिग्रस्त पत्थर और गड्ढे दिखाई दिए। जंगल के भीतर स्थित तीन से चार मंजिला महल के कई कमरों में भी खोदाई के निशान मिले। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय कुछ लोग दफीने की तलाश में यहां खोदाई करते हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना कहना है कि जुलाई जून को दफीना की तलाश में सुरई मंदिर में खोदाई की गई जबकि जंगल में स्थित बजरंगबली मंदिर में दो पहले ही खोदाई की गई है।


 

बेतवा, व्यापार और बंजारों ने रचा यहां का समृद्ध इतिहास
क्षेत्रीय इतिहासकार एवं शोधकर्ता डॉ. धर्मेंद्र सिंह के अनुसार सरीला तहसील का जलालपुर गांव जालौन जिले के कदौरा क्षेत्र की सीमा से लगा है। जलालपुर बेतवा नदी पर आधारित व्यापार का प्रमुख केंद्र था। बांदा, महोबा, चरखारी, जालौन और आसपास के क्षेत्रों से व्यापारी यहां पहुंचते थे। नदी मार्ग से अनाज, कपड़ा, नमक, गुड़, घी और अन्य वस्तुओं का कारोबार होता था। व्यापारियों के ठहरने के लिए सराय थीं और सर्राफा बाजार पूरे इलाके में प्रसिद्ध था। मध्यकाल में बंजारा समुदाय बड़े व्यापारी माने जाते थे। बैलों के काफिलों के साथ वह विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार करते थे। जलालपुर भी उनके प्रमुख पड़ावों में शामिल था। असुरक्षा के दौर में व्यापारी अपनी बहुमूल्य वस्तुएं सुरक्षित स्थानों पर छिपा देते थे। समय के साथ इन्हीं घटनाओं से जुड़ी बातें लोककथाओं में बदल गईं। हालांकि जलालपुर में किसी दफीने के मिलने का कोई आधिकारिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। जिला पर्यटन विभाग के अभिलेखों में जलालपुर को ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के रूप में दर्ज किया गया है। यहां 108 शिव मंदिर होने का उल्लेख मिलता है। वर्तमान में भी अनेक प्राचीन मंदिर, पंचमुखी काले ग्रेनाइट के शिवलिंग और बेतवा किनारे ऐतिहासिक पक्का घाट इसकी धार्मिक विरासत के साक्ष्य हैं।

विज्ञापन

इनकी भी सुनिए
वरिष्ठ नागरिक भगवती शरण मिश्र का कहना है कि एक समय जलालपुर की आबादी करीब 65 हजार थी। यहां बड़ा सर्राफा बाजार लगता था और बेतवा नदी के रास्ते दूर-दूर तक व्यापार होता था। शिव मंदिरों की अधिकता के कारण इसे छोटी काशी कहा जाता था। अब चिंता इस बात की है कि दफीने की तलाश में हमारी ऐतिहासिक धरोहरों को नुकसान पहुंच रहा है।

क्षेत्रीय कुलदीप द्विवेदी का कहना है कि करीब 15 दिन पहले बेतवा किनारे स्थित त्रिमूर्ति मंदिर और पक्का घाट के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में खोदाई जैसे निशान मिले थे जो आज भी देखे जा सकते हैं। हालांकि किसी ग्रामीण ने खोदाई करते हुए प्रत्यक्ष नहीं देखा है। ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा के लिए राज्य पुरातत्व विभाग से सर्वे और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था कराई जानी चाहिए।


 

बीहड़ों में बिखरा है ऐतिहासिक नगर
बेतवा किनारे फैले जंगलों में आज भी प्राचीन महल, मंदिर, हवेलियां और पत्थर की ऐतिहासिक संरचनाएं मौजूद हैं। कई स्थान घने जंगल में बदल चुके हैं जहां तक पहुंचना भी आसान नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन खंडहरों का आज तक समग्र पुरातात्विक सर्वे नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार इनमें कई तीन से चार मंजिला महल भी शामिल हैं। रखरखाव के अभाव में इनमें पेड़-पौधे उग आए हैं। कई कमरों और फर्श पर खोदाई जैसे निशान दिखाई देते हैं।

पर्यटन का केंद्र बन सकता जलालपुर
इतिहासकारों का मानना है कि यदि मंदिरों, महलों, पक्का घाट और जंगलों में फैली ऐतिहासिक संरचनाओं का संरक्षण किया जाए तो जलालपुर बुंदेलखंड के प्रमुख धार्मिक एवं विरासत पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed