Jalaun: दो गांवों के चार घरों में चोरों का धावा, सोना-चांदी और नगदी पार, CCTV में कैद हुए संदिग्ध, जांच शुरू
Jalaun News: आटा थाना क्षेत्र के दो गांवों में चोरों ने एक ही रात में चार घरों से लाखों के जेवर और नकदी चोरी की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के जरिए गिरोह की तलाश में जुटी है।
विस्तार
जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोरों ने अकोढ़ी और तगारेपुर गांव में चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। एक साथ हुई चोरियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल हो गया। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर गहनता से जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। एक घर में लगे कैमरे में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हो गई है।
बृहस्पतिवार की रात चोरों ने आटा थाना क्षेत्र के तगारेपुर गांव में अनीश खान के घर धावा बोला। चोरों ने बाहर से कुंडी लगाकर शौचालय की छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और कमरे में रखे दो बक्से छत पर ले जाकर खंगाले। बक्सों में रखी 24 हजार रुपये की नगदी, दो जोड़ी चांदी की पायल, सोने की मनचली, मंगलसूत्र, झुमकी, टॉप्स और दस चांदी के सिक्के चोर ले गए, जिनकी कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये बताई गई है
चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया
इसके बाद चोरों ने कुछ दूरी पर स्थित खाली कच्चे मकान का ताला तोड़ दिया। मकान मालकिन गिरजा ने बताया कि वह रात में अपने बेटे के घर सोने गई थीं। सुबह लौटने पर ताला टूटा मिला और अंदर रखा 17 हजार रुपये नगद व सोने के आभूषण गायब थे, बताया कि यह रुपये बकरे बेंच के रखे थे। इसी रात तगारेपुर से सटे अकोढ़ी गांव में भी चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया।
सीसीटीवी कैमरे में संदिग्धों की गतिविधियां कैद
कालका प्रसाद ने बताया कि चोरों ने प्लास से कमरे में लगा ताला तोड़कर पांच हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। दूसरी वारदात भी पास के एक घर में हुई। लगातार हुई चोरियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची आटा पुलिस ने मौके पर जांच की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
