Kanpur: पांडु नगर में ढहा 'हरमोनी डीलक्स' अपार्टमेंट का बेसमेंट, 50 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर बचाया
Kanpur News: पांडु नगर स्थित हरमोनी डिलक्स अपार्टमेंट में अवैध बेसमेंट खोदाई और बारिश के चलते बेसमेंट की दीवार धंस गई। हादसे में 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि कई गाड़ियां मलबे में दब गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में काकादेव थाना क्षेत्र के पांडु नगर स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान के सामने चार मंजिला हरमोनी डीलक्स अपार्टमेंट में बेसमेंट के अवैध खोदाई के चलते झमाझम बारिश के साथ शुक्रवार सुबह बेसमेंट धंसने से एक दीवार भरभराकर गिर गई। इससे वहां रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दीवार गिरने से वहां खड़ी कई दोपहिया गाड़ियां मलबे और गहरे गड्ढे में दब गईं।
घटना के बाद पूरी इमारत में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने एक-एक करके करीब 50 से ज्यादा लोगों को सकुशल बाहर निकाला। राहत की बात रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद केडीए और मेट्रो के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली करा दिया गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हरमोनी डीलक्स अपार्टमेंट् में बेसमेंट की अवैध खोदाई और मेट्रो के निर्माण कार्य के कारण जमीन कमजोर हो गई, जिसकी वजह से हादसा हो गया। उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। नुकसान की भरपाई के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
50 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
एसीपी आकांक्षा पांडे ने बताया कि पांडु नगर स्थित हरमोनी विला में बेसमेंट की दीवार धंसने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल प्राथमिकता सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।