Kanpur: IPL-ODI के बाद घरेलू मैचों से भी ग्रीनपार्क खाली, नवंबर में प्रस्तावित पुनर्निर्माण कार्य बना कारण
Kanpur News: आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बाद अब बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट कैलेंडर (सत्र 2026-27) से भी कानपुर का ग्रीनपार्क स्टेडियम बाहर हो गया है। नवंबर से प्रस्तावित स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य के चलते उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने चार प्रमुख घरेलू ट्रॉफियों के सभी मुकाबलों की मेजबानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम को सौंप दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईपीएल, वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बाद बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट कैलेंडर से भी ग्रीनपार्क स्टेडियम बाहर हो सकता है। घरेलू सत्र 2026-27 के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने चार प्रमुख घरेलू ट्रॉफियों के सभी मुकाबलों की मेजबानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम को सौंपी है, जबकि ग्रीनपार्क स्टेडियम को एक भी मैच नहीं मिला है।
इसकी प्रमुख वजह नवंबर से प्रस्तावित स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य को मानी जा रही है। वीनू मांकड़ अंडर-19 एकदिवसीय ट्रॉफी के 15, विजय मर्चेंट अंडर-16 ट्रॉफी के 15, महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी के 28 और महिला अंडर-23 एकदिवसीय ट्रॉफी के 15 मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे। ग्रीनपार्क स्टेडियम को पिछले घरेलू सत्र 2025-26 में भी सीमित मैच मिले थे।
यूपी टी-20 लीग के मुकाबले ग्रीनपार्क में होंगे
यहां केवल अंडर-19 और अंडर-23 वर्ग के दो-दो मुकाबले खेले गए थे, जबकि रणजी ट्रॉफी का एक भी मैच नहीं हुआ था। इस बार ग्रीनपार्क को अधिक घरेलू मुकाबले मिलने की उम्मीद थी, लेकिन नवंबर में प्रस्तावित पुनर्निर्माण कार्य को देखते हुए बीसीसीआई ने यहां कोई घरेलू मैच निर्धारित नहीं किया। यूपी टी-20 लीग के मुकाबले पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्रीनपार्क स्टेडियम में ही खेले जाएंगे।
बीसीसीआई को पहले से ही मैदान की स्थिति की जानकारी दे दी जाती है। ग्रीनपार्क स्टेडियम में नवंबर से निर्माण कार्य शुरू करने की रूपरेखा प्रशासन ने तैयार की है। उस अवधि में मैचों का आयोजन संभव नहीं होगा। यदि नवंबर में निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है, तो लखनऊ को आवंटित कुछ घरेलू मुकाबले ग्रीनपार्क में कराए जाने पर विचार किया जा सकता है। -अंकित चटर्जी, सीईओ, यूपीसीए