सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Kanpur NEET UG to be held at BNSD Amar Singh appointed as Center Incharge

Kanpur: बीएनएसडी में होगा नीट-यूजी, अमर सिंह ही बनाए गए सेंटर इंचार्ज, ADM बोले- केंद्र बदलना अब संभव नहीं

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: Himanshu Awasthi Updated Thu, 30 Apr 2026 09:31 AM IST
विज्ञापन
सार

Kanpur News: होमगार्ड भर्ती पेपर लीक की जांच झेल रहे बीएनएसडी इंटर कॉलेज को नीट-यूजी का केंद्र बनाया गया है। विवादों के बीच प्रधानाचार्य अमर सिंह को फिर से केंद्र व्यवस्थापक का जिम्मा मिला है, जिनसे डीआईओएस ने जवाब मांगा है।

Kanpur NEET UG to be held at BNSD Amar Singh appointed as Center Incharge
बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार

कानपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक करने की कोशिश के मामले में घिरे बीएनएसडी इंटर कॉलेज को इस बार नीट-यूजी का केंद्र बनाया गया है। तीन मई को होने वाली इस परीक्षा में प्रधानाचार्य अमर सिंह को फिर से केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई है। उन पर पहले से जांच चल रही है। डीआईओएस ने उन्हें नोटिस भेजकर नौ बिंदुओं पर जवाब मांगा है। नीट यूजी की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।

Trending Videos

इसमें एडीएम विवेक चतुर्वेदी, डीआईओएस संतोष कुमार राय और कॉलेज के प्रधानाचार्य अमर सिंह (होमगार्ड भर्ती परीक्षा के केंद्र व्यवस्थापक) मौजूद रहे। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, निगरानी और पारदर्शिता को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। अमर सिंह ने बताया कि केंद्र पर 22 जैमर लगाए जा चुके हैं और सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। परीक्षा संचालन के लिए 84 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है, साथ ही पुलिस बल की विशेष व्यवस्था रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

नोटिस में पूछे गए यह सवाल
डीआईओएस ने कॉलेज के प्रधानाचार्य से नोटिस में पूछा है कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान कुल कितने कक्ष निरीक्षक तैनात थे, उनकी ड्यूटी किसने लगाई, कौन-कौन शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। कितने अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, केंद्र संचालन की जिम्मेदारी किसके पास थी और कक्ष निरीक्षकों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया। इसके अलावा बाहरी लोगों का प्रवेश कैसे हुआ, संदिग्धों को ड्यूटी में शामिल किए जाने की क्या प्रक्रिया थी और निगरानी व्यवस्था कैसी थी। इन सवालों के जवाब से ही जिम्मेदारी तय होगी।

रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सह-केंद्र व्यवस्थापक पर भी आरोप
इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक अमर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सह-केंद्र व्यवस्थापक ललित बाजपेई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमर सिंह का कहना है कि कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी से जुड़ा काम ललित बाजपेई देख रहे थे और उन्होंने ही सभी को फोन कर ड्यूटी की जानकारी दी थी। वहीं ललित बाजपेई ने आरोपों पर केंद्र व्यवस्थापक से बात करने के लिए कहते हुए फोन काट दिया।

बीएनएसडी इंटर कॉलेज पहले से नीट का प्रस्तावित केंद्र है, इसलिए इसे बदलना संभव नहीं है। केंद्र व्यवस्थापक को लेकर निर्णय सिटी कोऑर्डिनेटर की ओर से लिया जाएगा।  -विवेक चतुर्वेदी, एडीएम

 

होमगार्ड भर्ती परीक्षा में पेपर लीक करने की कोशिश के मामले में विभागीय जांच जारी है। नोटिस भेजकर प्रधानाचार्य अमर सिंह से नौ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।  -संतोष कुमार राय, डीआईओएस

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed