Kanpur: गैस सिलिंडर के लिए सड़कों पर जंग, सर्वर ने बिगाड़ा खेल; OTP न आने से ठप हुआ वितरण, संचालकों से नोकझोंक
Kanpur News: कानपुर में पैनिक बुकिंग के बीच गैस एजेंसियों का सर्वर क्रैश हो गया। बिना ओटीपी के किसी को सिलिंडर नहीं मिला और अब 25 दिन की नई वेटिंग लिमिट लागू कर दी गई है।
विस्तार
अमेरिका-इस्रराइल और ईरान युद्ध के चलते वैश्विक ऊर्जा संकट का प्रभाव शहर में भी देखने को मिल रहा है। युद्ध को बढ़ता देख लोग गैस सिलिंडर को लेकर परेशान हैं। बुधवार को नौबस्ता, कल्याणपुर, बिठूर, गुजैनी समेत अन्य गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं। लोग घंटों लाइन में खड़े रहे लेकिन सर्वर फेल होने और ओटीपी न आने से किसी को भी सिलिंडर नहीं मिल सका।
सैकड़ों उपभोक्ताओं को खाली हाथ घर लौटना पड़ा। मंगलवार को जिले में करीब 30 हजार से अधिक घरेलू गैस सिलिंडरों की बुकिंग हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह सात बजे से ही लोग सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंचने लगे। नौ बजे तक एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। पूरी तरह ओटीपी आधारित डिजिटल सिस्टम पर गैस वितरण के निर्भर होने से तकनीकी गड़बड़ी ने पूरी व्यवस्था ठप कर दी।
एजेंसी संचालक सिलिंडर वितरित नहीं कर सके
गैस एजेंसी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अचानक उपभोक्ताओं का लोड बढ़ा तो सर्वर बैठ गया। उपभोक्ताओं के पास मोबाइल पर ओटीपी ही नहीं पहुंचा, जिससे एजेंसी संचालक सिलिंडर वितरित नहीं कर सके। लोग करीब दोपहर एक बजे तक सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई।
गैस एजेंसियों के फोन बताते रहे पहुंच से बाहर
गैस बुकिंग के लिए कई लोग गैस एजेंसियों के नंबर पर फोन लगाने की कोशिश की लेकिन उनके नंबर पहुंच से बाहर और स्विच ऑफ मिले। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई। गुस्साए उपभोक्ता जब एजेंसी पहुंचे तो संचालकों से उनकी कहासुनी भी हुई।
सिलिंडर लेने के 25 दिन बाद होगी बुकिंग
कई उपभोक्ताओं ने एक सप्ताह पहले सिलिंडर लिया था, वे एडवांस बुकिंग कराने के लिए परेशान रहे लेकिन नए नियम के अनुसार उपभोक्ता सिलिंडर लेने के 25 दिन बाद ही बुकिंग करा सकेंगे। इससे पहले बुकिंग नहीं होगी। एलपीजी सिलिंडर वितरण संघ के संरक्षक भारतीष मिश्रा ने बताया कि बुधवार को सर्वर की खराबी के कारण सिलिंडर बुक नहीं हो सके हैं। दूसरे सिलिंडर की बुकिंग भी उपभोक्ता 25 दिन बाद ही कर सकेगा, इससे पहले बुक नहीं होगा। उपभोक्ता परेशान मत हों, अभी गैस सभी को मिलती रहेगी।
दो दिन से सिलिंडर बुक के लिए इंडेन गैस एजेंसी के नंबर पर फोन कर रहे हैं लेकिन मिल नहीं रहा। सुबह जब एजेंसी पहुंचा तो लंबी लाइन लगी थी। सर्वर खराब होने की बात कहकर लौटा दिया।
-त्रिपुरेश त्रिवेदी, बर्रा
एक सप्ताह पहले इंडेन का सिलिंडर डिलीवर हुआ था। दो दिन पहले एडवांस बुकिंग के लिए फोन किया तो 25 दिन बाद बुक करने की बात कही। जब बुधवार को फोन किया तो एजेंसी का नंबर ही पहुंच से बाहर बता रहा था। -नितिन तिवारी, गुजैनी