UP: महोबा में खूनी खेल; चचेरे भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर मारा, फिर पछतावे में खुद भी फंदे पर लटककर दी जान
Mahoba News: कबरई थाना क्षेत्र के खरका गांव में पारिवारिक विवाद ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बेटी की शादी पार्टी में परिवार के लोगों के शामिल न होने से नाराज एक व्यक्ति ने अपने चचेरे भाई और भतीजे को ट्रैक्टर से कुचल दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कबरई थाना क्षेत्र के खरका गांव में पारिवारिक विवाद और सामाजिक उपेक्षा की आग ने हंसते-खेलते दो परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया। एक पिता ने अपनी बेटी की शादी की पार्टी में परिवार के लोगों के न आने से नाराज होकर अपने ही चचेरे भाई और भतीजे पर बेरहमी से ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया।
इस खौफनाक वारदात में चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस खूनी खेल को अंजाम देने के बाद, आत्मग्लानि और पछतावे की आग में जल रहे आरोपी ने खुद भी फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मात्र 12 घंटे के भीतर दो चचेरे भाइयों की मौत से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
जन्मदिन बनाम शादी की पार्टी: एक ही रात में शुरू हुआ खूनी विवाद
खरका गांव निवासी पुन्ना प्रजापति के बेटे संदीप (28) की बेटी का बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे जन्मदिन कार्यक्रम चल रहा था। घर के बाहर डीजे बज रहा था और परिवार व रिश्तेदार जश्न में डूबे डांस कर रहे थे। इसी दौरान संदीप का सगा चाचा विश्वमूर्ति प्रजापति (46) अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा।
दरअसल, इसी रात विश्वमूर्ति के घर पर उसकी बेटी संध्या (जिसकी शादी बीती 7 मई को हुई थी) की विदाई के बाद की शादी की पार्टी चल रही थी। विश्वमूर्ति के घर पर सहेलियां और कुछ बाहरी लोग तो आए थे, लेकिन उसके अपने परिवार का कोई भी सदस्य वहां नहीं गया।
परिवार के सभी लोग संदीप की बेटी के जन्मदिन में शामिल होने पहुंचे थे। अपनों द्वारा किए गए इस सामाजिक बहिष्कार से विश्वमूर्ति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह बीच सड़क पर आकर तमाशा करने लगा। हालांकि, उस समय लोगों ने उसे समझा-बुझाकर वहां से हटा दिया।
गुस्से में दौड़ाया ट्रैक्टर, चचेरे भाई को उतारा मौत के घाट
अपमान का बदला लेने की सनक में अंधा हो चुका विश्वमूर्ति कुछ ही देर बाद अपना बड़ा ट्रैक्टर लेकर आया। उसने आव देखा न ताव, दरवाजे के सामने खड़े अपने भतीजे संदीप और चचेरे भाई मंगल प्रजापति (50) के ऊपर सीधे रफ्तार में ट्रैक्टर चढ़ा दिया। भारी-भरकम ट्रैक्टर का पहिया शरीर पर चढ़ने के कारण मंगल प्रजापति की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि भतीजा संदीप गंभीर रूप से कुचल गया।
संदीप की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी विश्वमूर्ति रात के अंधेरे में अपना ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
नाजायज संबंधों के कारण परिवार ने बनाई थी दूरी
मृतक मंगल की पत्नी मुन्नीदेवी ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में परिवार की अंदरूनी कलह का एक बड़ा खुलासा किया है। मुन्नीदेवी के अनुसार, आरोपी विश्वमूर्ति प्रजापति ने काफी समय पहले परिवार के ही एक अन्य व्यक्ति की पत्नी को अपने घर में रख लिया था।
इसी अनैतिक रिश्ते की वजह से लंबे समय से पूरे प्रजापति परिवार ने विश्वमूर्ति से दूरी बना ली थी और समाज में उसकी बदनामी हो रही थी। परिवार के लोग उसके यहां होने वाले किसी भी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होते थे। बृहस्पतिवार की रात भी इसी रंजिश के चलते जब सगे रिश्तेदार उसकी बेटी की खुशियों में शामिल नहीं हुए, तो उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
पछतावे की आग में जला हत्यारा
चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या करने के बाद फरार हुए विश्वमूर्ति को जब शुक्रवार सुबह होश आया, तो उसे अपने किए पर घोर पछतावा और आत्मग्लानि होने लगी। कानून के फंदे और समाज के तानों से डरकर उसने भी आत्मघाती कदम उठा लिया।
शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे गांव के ही रामपाल सिंह के खेत में बने एक सुनसान मकान के अंदर रस्सी के फंदे पर विश्वमूर्ति का शव लटकता हुआ मिला।खेत की तरफ गए ग्रामीणों ने जब शव देखा तो उनके होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही कबरई थाना प्रभारी सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। दोनों घरों में चल रहा जश्न का माहौल अब पूरी तरह मातम और चीख-पुकार में बदल चुका है। 12 घंटे के भीतर दो मौतों से गांव का माहौल बेहद गमगीन और तनावपूर्ण है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया के अनुसार: "मृतक मंगल प्रजापति की पत्नी की तरफ से हत्या की तहरीर मिली है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक रंजिश और गुस्से में आकर की गई हत्या का लग रहा है। मुख्य आरोपी ने भी वारदात के बाद आत्मग्लानि में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।