Orai Fire: शॉर्ट सर्किट से कच्चे मकान में लगी आग, पैरालिसिस से पीड़ित बुजुर्ग की जलकर मौत, जांच में जुटी पुलिस
Orai News: उरई के परैथा गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में पैरालिसिस पीड़ित 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के समय घर में अकेले होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और पूरा कच्चा मकान जलकर खाक हो गया।
विस्तार
उरई में कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परैथा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 11:30 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद बुजुर्ग बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीराम बसोर (70) के रूप में हुई है।
बताया गया कि श्रीराम लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर काम करने गए हुए थे, जिससे वह घर में अकेले रह गए थे। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कच्चा मकान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कोंच कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
