Etawah: ट्रक की टक्कर से पेट्रोल टैंकर के हेल्पर की मौत, चालक बाल-बाल बचा
Etawah News: जसवंतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अमृत पंजाबी होटल के सामने सर्विस रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पेट्रोल टैंकर के हेल्पर की मौत हो गई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार देर रात अमृत पंजाबी होटल के समीप सर्विस रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की टक्कर से पेट्रोल टैंकर के हेल्पर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
सर्विस रोड पार करते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 11:40 बजे पेट्रोल टैंकर का चालक विकास शुक्ला (निवासी बनीपारा महाराज, थाना रूरा, कानपुर देहात) और हेल्पर मनीष वर्मा (निवासी सिमारा, थाना नौबस्ता, कानपुर नगर) अमृत पंजाबी होटल के सामने सर्विस रोड पैदल पार कर रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने हेल्पर मनीष को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे में मनीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि चालक विकास बाल-बाल बच गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का जायजा लिया। उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए इटावा भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और हादसे को अंजाम देकर भागे अज्ञात ट्रक की तलाश के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।