Kanpur: पम्पलेश्वर महादेव मंदिर चोरी का खुलासा: 6 दिन में पुलिस ने दबोचे दो चोर, तांबे का नाग व दानपेटी बरामद
Kanpur News: रेलबाजार थाना पुलिस ने खपरा मोहाल स्थित पम्पलेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी का छह दिन के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई दानपेटी और तांबे का नाग भी बरामद कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस ने खपरा मोहाल स्थित पम्पलेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी की घटना का महज छह दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंदिर की दानपेटी और भगवान शिव की तांबे की नाग प्रतिमा चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार दोपहर पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत (कोर्ट) में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान आरोपियों के पास से बरामद कर लिया गया है।
ताला तोड़कर उड़ाई थी दानपेटी और नाग प्रतिमा
थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि 28 जुलाई को खपरा मोहाल स्थित पम्पलेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी राकेश सिंह ने रेलबाजार थाने में तहरीर दी थी। पुजारी के अनुसार, 24 जुलाई की सुबह जब वे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था।
मंदिर के भीतर देखने पर दानपेटी और शिवलिंग पर स्थापित तांबे का नाग गायब था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और चोरों की सुरागकशी के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
उन्नाव पुल के पास से घेराबंदी कर दबोचा
घटना के अनावरण के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल दो संदिग्ध उन्नाव पुल के पास कहीं भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अस्सु और अयान कातिल (निवासी बेगमपुरवा) बताया।
नशे की लत पूरी करने के लिए की थी चोरी
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे स्मैक व अन्य मादक पदार्थों के आदी हैं। अपनी नशे की लत को पूरा करने और पैसों के इंतजाम के लिए उन्होंने मंदिर में चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गई दानपेटी और तांबे का नाग बरामद कर लिया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में सुसंगत धाराएं बढ़ाते हुए दोनों को जेल भेज दिया गया है।