Kanpur: मांझा काट रहा जिंदगी की डोर; जाजमऊ में चाइनीज मांझे से युवक की गर्दन कटी, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
Kanpur News: जाजमऊ चेकपोस्ट क्षेत्र में रविवार दोपहर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्नाव से घर लौटते समय मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया, जिससे गर्दन गहराई तक कट गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रतिबंधित चाइनीज मांझा लगातार राहगीरों के लिए काल बनता जा रहा है। रविवार दोपहर करीब एक बजे जाजमऊ चेकपोस्ट के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझा गर्दन में लिपटने से युवक की गर्दन बुरी तरह कट गई और वह लहूलुहान होकर सड़क पर तड़पने लगा। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उन्नाव से लौटते समय हुआ हादसा, लगे 12 टांके
घायल युवक की पहचान मूल रूप से जाजमऊ के गौशाला निवासी और टेनरीकर्मी कैलाश के 19 वर्षीय पुत्र कृष्णा के रूप में हुई है। वर्तमान में कृष्णा का परिवार उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र स्थित अखलाक नगर में किराए के मकान में रहता है। परिवार में मां शिल्पा और तीन भाई (मटरू, सुमित व कुंदन) हैं। रविवार दोपहर वह उन्नाव से कानपुर लौट रहा था, तभी जाजमऊ चेकपोस्ट के पास उड़ता हुआ चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया।
हादसे के बाद राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी और उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हैलट में कृष्णा का इलाज जारी है, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है। उसकी गर्दन में 12 टांके आए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, दर्ज की प्राथमिकी
जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा कहां से आया और शहर में इसे कौन बेच या इस्तेमाल कर रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।