Kanpur: जिंदा भाई को कागजों में मार डाला! महाराजपुर पुलिस की लापरवाही, मृतक की जगह लिखा भाई का नाम
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र में किसान की आत्महत्या के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पंचनामा तैयार करते समय पुलिस ने मृतक राकेश कुमार कुरील की जगह उनके जिंदा भाई राजेश का नाम दर्ज कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराजपुर थाना क्षेत्र में किसान की आत्महत्या के मामले में पुलिस की एक गंभीर और हैरान करने वाली लापरवाही सामने आई है। आत्महत्या करने वाले किसान राकेश कुमार कुरील के शव का पंचनामा भरते समय दरोगा ने मृतक की जगह उसके जिंदा भाई राजेश का नाम दर्ज कर दिया और उसी आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर ली। गनीमत यह रही कि परिजनों की नजर सरकारी कागजात पर पड़ गई, जिससे पुलिस की इस बड़ी चूक का खुलासा हुआ।
पंखे से फंदा लगाकर किसान ने की खुदकुशी
महाराजपुर के बंबुरिहा गांव निवासी किसान राकेश कुमार कुरील (52) ने शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात करीब 10 बजे ग्रामीण संतोष कुमार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
परिजनों के अनुसार, राकेश पिछले दो-तीन दिनों से किसी बात को लेकर गहरे मानसिक तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतक अपने पीछे पत्नी सीमा, दो बेटों अमन (22), प्रशांत (15) और एक बेटी नेहा (19) को छोड़ गए हैं।
दरोगा की जल्दबाजी से मचा हड़कंप
फॉरेंसिक जांच के दौरान पंचनामा भर रहे महाराजपुर थाने के दरोगा दिग्विजय सिंह ने भारी लापरवाही बरतते हुए मृतक राकेश कुमार कुरील की जगह उनके भाई राजेश का नाम लिख दिया। जब परिजनों ने कागजात देखे, तो उनके होश उड़ गए।
परिजनों ने तुरंत पुलिस के सामने इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद कागजों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू की गई। परिजनों का कहना था कि अगर समय रहते यह गलती न पकड़ी जाती, तो भविष्य में उन्हें गंभीर कानूनी व प्रशासनिक अड़चनों का सामना करना पड़ता।
थाना प्रभारी बोले- ली जा रही जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि पंचनामा में यह चूक किस स्तर पर और कैसे हुई, इसको लेकर संबंधित दरोगा से जवाब-तलब किया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।